
पाकिस्तान क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 में खेलना जारी रखेगी या नहीं, यह इस समय सबसे बड़ा सवाल है। बुधवार को पाकिस्तान और यूएई के बीच बड़ा मैच होना है। इस मुकाबले से पहले होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस को पाकिस्तान टीम द्वारा रद्द कर दिया गया और रद्द करने का कोई भी कारण नहीं बताया गया। इसे लेकर कोई भी स्पष्टीकरण नहीं किया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खिलाड़ी ग्राउंड पर अभ्यास करते हुए दिखाई दिए, लेकिन भारत से मिली हार और भारतीय खिलाड़ियों द्वारा हाथ नहीं मिलाने के बाद से ही यह मामला गर्म हो चुका है।
सवाल उठ रहे हैं कि क्या पाकिस्तान क्रिकेट टीम एशिया कप 2025 से बाहर होने का फैसला करेगी। इसे लेकर पीसीबी ने पहले ही संकेत दिए हैं। दरअसल, भारत से मिली हार के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा मैच प्रेजेंटेशन के लिए भी नहीं आए और उन्होंने किसी से बात नहीं की।
क्या है पूरा मामला?
14 सितंबर, रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप में मुकाबला खेला गया था जिसमें भारत के हाथों पाकिस्तान को 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। जीत दर्ज करने के बाद भारतीय खिलाड़ी सीधे ड्रेसिंग रूम में चले गए और हैंडशेक के लिए भी मैदान पर नहीं उतरे, जिससे पाकिस्तान भड़क गया और एशियाई क्रिकेट परिषद से शिकायत कर दी। पीसीबी द्वारा आरोप लगाया गया कि मैच रेफरी ने ही भारतीय कप्तान से कहा था कि वह पाकिस्तानी कप्तान से हाथ न मिलाएं। पीसीबी का आरोप है कि यह रेफरी के दौरान कहा गया।
क्या कल होने वाला मुकाबला होगा?
वहीं पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, पाकिस्तान ने मांग की है कि अगर मैच रेफरी को हटाया नहीं गया तो पाकिस्तान टूर्नामेंट से हट जाएगा। जबकि आईसीसी ने उसकी मांग को खारिज कर दिया है। लेकिन अगर पाकिस्तान फिर भी एशिया कप 2025 से हटने का फैसला करता है तो उसे लगभग 100 से 140 करोड़ रुपए तक का नुकसान उठाना पड़ सकता है। पाकिस्तान के लिए यह बड़ा आर्थिक झटका होगा। ऐसे में इस आर्थिक स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान का टूर्नामेंट से बाहर होना लगभग असंभव है। पाकिस्तान इतना बड़ा नुकसान झेलने की स्थिति में नहीं है। हालांकि यह देखना दिलचस्प रहेगा कि बुधवार को होने वाला पाकिस्तान और यूएई के बीच का मुकाबला होगा या नहीं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

