
एशिया कप 2025 में भारत ने अपना आखिरी ग्रुप मुकाबला ओमान के खिलाफ खेला। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार जीत हासिल की। हालांकि ओमान के खिलाड़ियों ने जबर्दस्त खेल दिखाया और भारतीय खिलाड़ियों को परेशान किया, मगर अंततः भारत ने जीत हासिल कर ली। इस जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने भारतीय टीम की जमकर तारीफ की। इसके अलावा सुपर 4 के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बिना ही बड़ी बेइज्जती कर दी।
दरअसल, ओमान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी बेंच स्ट्रेंथ को आज़माने का काम किया था। ओमान की टीम ने जिस अंदाज में भारतीय टीम को चुनौती दी, वह वाकई काबिले तारीफ रहा। हालांकि सुपर 4 में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमों ने ही जगह बनाई है।
पाकिस्तान को लेकर क्या बोले भारतीय कप्तान?
मैच के बाद सूर्यकुमार यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए थे। इस दौरान उनसे जब यह पूछा गया कि क्या सुपर 4 में पाकिस्तान की टीम का सामना करने के लिए भारतीय टीम तैयार है, तो उन्होंने बिना पाकिस्तान का नाम लिए बस यही कहा कि हम पूरी तरह से सुपर 4 खेलने के लिए तैयार हैं। उनके जवाब ने सभी को हैरान कर दिया। दरअसल, उन्होंने अपने बयान में पाकिस्तान का जिक्र नहीं किया। हालांकि अब लोग इसे रणनीति बता रहे हैं, तो कुछ लोगों का कहना है कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव विपक्ष को लेकर ज्यादा तवज्जो नहीं दे रहे हैं। इस दौरान भारतीय कप्तान ने ओमान की टीम की भी तारीफ की। भारतीय कप्तान ने कहा कि ओमान ने बेहद शानदार क्रिकेट खेला है।
ओमान की तारीफ की
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि मुझे पता था कि ओमान के कोच सुलक्षणा कुलकर्णी के साथ टीम की तैयारी सख्त होगी। उनकी बल्लेबाजी देखना शानदार था और मैंने इसका पूरा आनंद लिया। हालांकि भारतीय टीम के खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए भारतीय कप्तान ने कहा कि हरदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे गेंदबाजों के लिए अचानक लंबे इंतजार के बाद मैदान पर उतरना मुश्किल रहा, खासकर अबू धाबी की विकेट पर। यहां की परिस्थितियों में ढलना कठिन था। हार्दिक पांड्या भले ही बल्लेबाजी में ज्यादा योगदान नहीं दे पाए, लेकिन उनकी मौजूदगी टीम के लिए बेहद अहम है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

