पाकिस्तान की शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने टी20 सीरीज पर किया कब्जा

पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमें तीन मैचों की टी20 सीरीज में आमने-सामने हैं। ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में 22 जुलाई 2025 को खेले गए दूसरे टी20 में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 रनों से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली।
पाकिस्तान की शर्मनाक हार, बांग्लादेश ने टी20 सीरीज पर किया कब्जा

पाकिस्तान की टीम इन दिनों बांग्लादेश दौरे पर है, जहां दोनों टीमें तीन मैचों की टी20 सीरीज में आमने-सामने हैं। ढाका के शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में 22 जुलाई 2025 को खेले गए दूसरे टी20 में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 8 रनों से हराकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। इस हार के साथ पाकिस्तान के नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया, क्योंकि यह पहली बार है जब बांग्लादेश ने उन्हें टी20 सीरीज में मात दी। अब बांग्लादेश की नजर तीसरे टी20 में क्लीन स्वीप पर होगी, जबकि पाकिस्तान सम्मान बचाने के लिए मैदान में उतरेगा।

जाकर अली और महेदी की दमदार साझेदारी

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही। मोहम्मद नईम (3), कप्तान लिटन दास (8), परवेज हुसैन ईमॉन (13) और तौहिद हृदय (0) जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए, जिससे स्कोर 4 विकेट पर मात्र 29 रन था। इस संकटपूर्ण स्थिति में जाकर अली ने पारी को संभाला और 55 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। उनके साथ महेदी हसन ने 33 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए अहम साझेदारी की, जिसने बांग्लादेश को मुश्किल से उबारा। हालांकि, शमीम हुसैन (1), तंजिम हसन साकिब (7), रिशद हुसैन (8) और शोरफुल इस्लाम (1) सस्ते में आउट हो गए। जाकर अली अंत तक नाबाद रहे, लेकिन बांग्लादेश की पारी 20 ओवर में 133 रनों पर सिमट गई।

फहीम अशरफ की कोशिश नाकाम

134 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत भी बेहद निराशाजनक रही। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने शुरुआती झटके देकर मेहमान टीम को 15 रनों पर 5 विकेट के नुकसान पर ला दिया। फखर जमान (8), सईम अयूब (1), सलमान आगा (9), और खुशदिल शाह (13) जल्दी आउट हुए, जबकि मोहम्मद हारिस, हसन नवाज और मोहम्मद नवाज अपना खाता भी नहीं खोल सके। इस संकट में फहीम अशरफ ने जुझारू अंदाज में बल्लेबाजी की और 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी पारी ने पाकिस्तान को जीत के करीब लाने की कोशिश की, लेकिन आखिरी 7 गेंदों पर 13 रन चाहिए थे, तभी फहीम आउट हो गए। नतीजतन, पाकिस्तान की पारी 19.2 ओवर में 125 रनों पर सिमट गई।

बांग्लादेश की ओर से शोरफुल इस्लाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जबकि महेदी हसन और तंजिम हसन साकिब ने 2-2 विकेट लिए। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट निकालकर पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews