भारतीय टीम की ओर से वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में डेब्यू तो किया ही लेकिन एक ऐसा कारनाम भी कर दिया है जिसकी कोई क्रिकेटर सिर्फ कल्पना ही कर सकता है। वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल 99 दिन की उम्र में अपना अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू किया है। इसकी के साथ वैभव ने सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। सचिन तेंदुलकर ने 16 साल 206 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू के बाद भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) की ओर से पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। BCCI के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने वैभव सूर्यवंशी के अंतर्राष्ट्रीय डेब्यू पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि BCCI किसी के साथ अन्याय नहीं करता। जो खिलाड़ी अवसर के योग्य होते हैं, उन्हें निश्चित रूप से मौका मिलता है। सोशल मीडिया पर यह कहकर काफी आलोचना की जा रही थी कि वैभव को अवसर नहीं दिया जा रहा है और इसके लिए टीम के कोच तथा कप्तान की भी आलोचना हो रही थी। लेकिन वास्तविकता ऐसी नहीं थी।
राजीव शुक्ला ने आगे कहा कि मैंने कुछ दिन पहले भी कहा था कि जब सही समय आएगा, तो वैभव सूर्यवंशी को जरूर मौका मिलेगा और अब उसे वह अवसर मिल गया है। मुझे पूरा विश्वास है कि वह भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करेगा और भारतीय टीम में अपनी अलग पहचान बनाएगा। यह टीम मैनेजमेंट का एक बेहतरीन फैसला है और इसकी सराहना की जानी चाहिए।
डेब्यू मैच में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में वैभव सूर्यवंशी से भारतीय क्रिकेट फैंस को जो उम्मीदें थी वह पूरी नहीं हुई। हालांकि वैभव ने अभिषेक शर्मा के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरूआत दिलाई। उन्होंने 10 गेंदोंं का सामना किया और 14 रन बनाए। जिसमें 2 बड़े छक्के भी शामिल हैं। दिलचस्प बात ये है कि सचिन तेंदुलकर ने अपने डेब्यू पर पाकिस्तान के सामने 15 रन की पारी खेली थी। सूर्यवंशी का आना वर्ल्ड क्रिकेट में एक नए अध्याय की शुरुआत है।
दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम को मिली हार
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की वजह से बेनतीजा रहा लेकिन दूसरे टी20 मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के सारे मैच हारे और अब यह इंग्लैंड के खिलाफ हार। दूसरे टी20 मैच में कोई भी भारतीय बल्लेबाज अर्धशतक नही लगा पाया। भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। तो वहीं शनिवार के मैच में रवि विश्नोई ने 4 ओवर में सबसे ज्यादा 60 रन दिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 190 रनों का स्कोर बनाया। इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन जैकब बेथेल ने 76 रन बनाए।





