चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स आमने-सामने होंगी। बता दें कि पंजाब किंग्स ने चेपॉक में खेले गए पिछले तीनों मैच जीते हैं और आज भी चेन्नई पूर्व कप्तान एमएस धोनी के बिना मैदान में उतरेगी। इस सीजन में पंजाब अपना पहला मैच जीत चुकी है, वहीं चेन्नई को हार का सामना करना पड़ा था।

दरअसल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इस सीजन का सातवां मैच आज चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेपॉक में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा और टॉस 7 बजे होगा। इस मैच में चेन्नई के सामने बड़ी चुनौती है, क्योंकि पंजाब ने चेपॉक में पिछले तीनों मैच जीते हैं। चेन्नई आज भी अपने पूर्व कप्तान एमएस धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस के बिना मैदान में उतरेगी। दोनों खिलाड़ी चोट के कारण टीम से बाहर हैं।

पंजाब किंग्स ने अपने सीजन की शुरुआत जीत के साथ की है। उसने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपना पहला मैच जीता था। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार मिली थी। ऐसे में चेन्नई के लिए इस मैच में वापसी करना जरूरी होगा, लेकिन धोनी और ब्रेविस की गैरमौजूदगी टीम को कमजोर कर सकती है।

पंजाब का चेपॉक में दबदबा, धोनी-ब्रेविस चोटिल

दरअसल चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच IPL में हमेशा रोमांचक मुकाबले देखने को मिले हैं। दोनों टीमें कुल 33 बार एक-दूसरे के सामने आ चुकी हैं। इन मुकाबलों में चेन्नई ने 17 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब ने 15 मैच जीते हैं। एक मैच टाई भी रहा था, जिसे सुपर ओवर में पंजाब ने अपने नाम किया था। पिछले सीजन में भी पंजाब किंग्स ने चेन्नई को दोनों मैचों में हराया था।

चेपॉक स्टेडियम में दोनों टीमों के बीच कुल 9 बार मुकाबला हुआ है। यहां चेन्नई सुपर किंग्स ने 4 मैच जीते हैं, जबकि पंजाब किंग्स ने 5 मैचों में जीत हासिल की है। खास बात यह है कि इस मैदान पर पंजाब ने चेन्नई के खिलाफ पिछले तीनों मैच जीते हैं, जो आज के मैच में उसे मनोवैज्ञानिक बढ़त देगा।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए पूर्व कप्तान एमएस धोनी और डेवाल्ड ब्रेविस शुरुआती मैचों से बाहर हैं। ब्रेविस साइड स्ट्रेन से परेशान हैं, जबकि धोनी मांसपेशियों में खिंचाव के कारण रिहैब कर रहे हैं। ये दोनों खिलाड़ी सीजन का पहला मैच भी नहीं खेल पाए थे, जिसका असर टीम के प्रदर्शन पर साफ दिखाई दिया था।

पिछले मैच में टीम को खराब शुरुआत रही थी

पंजाब किंग्स के लिए ऑस्ट्रेलिया के कूपर कॉनोली तीसरे नंबर के भरोसेमंद बल्लेबाज के रूप में सामने आए हैं। उन्होंने पिछले मैच में टीम को खराब शुरुआत से संभालते हुए अर्धशतक लगाया था और जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। पंजाब की गेंदबाजी भी मजबूत दिखाई दे रही है। अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपनी अच्छी लाइन और गति से सभी को प्रभावित किया था। उन्होंने मिडिल ओवर्स में रनों पर रोक लगाई और दो अहम विकेट लिए। तेज गेंदबाज विजयकुमार वैशाख ने भी उनका अच्छा साथ दिया था।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए इस सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए पहले मैच में टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही कमजोर दिखी। संजू सैमसन अपने पहले मैच में खास असर नहीं छोड़ पाए। टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों के नहीं चल पाने के कारण सरफराज खान को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मैदान में उतारा गया, लेकिन वे भी इसका फायदा नहीं उठा पाए। गेंदबाजी में भी टीम ज्यादा असर नहीं दिखा सकी।

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए हमेशा मददगार रही है। यहां बल्लेबाजी करना थोड़ा मुश्किल रहता है, लेकिन अगर कोई बल्लेबाज टिक जाए तो बड़ी पारी खेल सकता है। यहां की पिच सूखी लाल मिट्टी की होती है, जो मैच आगे बढ़ने के साथ धीमी होती जाती है और गेंद ज्यादा टर्न लेने लगती है।

शुरुआती ओवरों में बल्लेबाजी थोड़ी आसान रहती है, क्योंकि नई गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है। लेकिन 7-8 ओवर के बाद पिच धीमी होने लगती है और स्पिन गेंदबाजों का असर बढ़ जाता है। ऐसे में मिडिल और डेथ ओवर्स में रन बनाना काफी मुश्किल हो जाता है। इस मैदान पर अब तक कुल 91 IPL मैच खेले गए हैं। इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 51 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 40 मैचों में जीत मिली है।

मैच वाले दिन चेन्नई का मौसम गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है। यहां का तापमान 26 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मैच में बारिश की कोई संभावना नहीं है, इसलिए पूरा मुकाबला बिना रुकावट के खेला जा सकेगा।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12

चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन, ऋतुराज गायकवाड, आयुष म्हात्रे, मैट शॉर्ट, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, जैमी ओवरटन, नूर अहमद, मैट हेनरी, अंशुल कंबोज, खलील अहमद, सरफराज खान।

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कॉनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वाधेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोयनिस, मार्को यानसन, जैवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाख, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, प्रियांश आर्या।