
Harmanpreet Kaur resigned from captaincy
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी, भारत को विश्वकप जिताने वाली और हाल ही में एशियन गेम्स में भारत की झोली में गोल्ड मेडल दिलाने वाली हरफनमौला खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर ने क्रिकेट के सभी फ़ॉर्मेट की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया है, उन्होंने आज मंगलवार को इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लखकर इसका ऐलान किया, उन्होंने लिखा- आज, मैं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सभी फ़ॉर्मेट से कप्तानी छोड़ रही हूँ। यह फ़ैसला आसान नहीं है। इसमें बरसों की यादें, भावनाएँ, त्याग और ऐसे पल शामिल हैं जो जिन्दगी भर मेरे साथ रहेंगे।
हरमन ने लिखा- मैंने इस टीम और भारतीय महिला क्रिकेट के लिए अपना सब कुछ दिया है, अपना खून-पसीना, अपना समय और कई बार, अपने खेल और निजी महत्वाकांक्षाओं का भी कुछ हिस्सा। ऐसे पल भी आए जब मुझे अपने व्यक्तिगत प्रदर्शन, अपनी तरक्की और अपनी चाहतों को एक तरफ़ रखना पड़ा, क्योंकि मेरा मानना था कि टीम सबसे पहले है।
मुश्किल फैसले लेने पड़े, कीमत भी चुकाई
उन्होंने लिखा- एक कप्तान के तौर पर, मुझे मुश्किल फ़ैसले लेने पड़े। ऐसे फ़ैसले जिन्हें हमेशा समझा नहीं गया, जो हमेशा आसान नहीं थे और कभी-कभी जिनकी निजी कीमत भी चुकानी पड़ी। लेकिन मैंने जो भी फ़ैसला लिया, उसके पीछे एक ही मकसद था – इस टीम को बेहतर बनाना और दूसरे खिलाड़ियों को आगे बढ़ने, खुद पर भरोसा करने और अपना सर्वश्रेष्ठ रूप पाने का मौका देना।
सबसे मुश्किल पल, जीत, जश्न, देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व सब देखा
हरमनप्रीत ने लिखा- मैंने सब कुछ देखा है, मैंने सबसे मुश्किल पल, दिल टूटने का दर्द, आलोचना, शक और ऐसे दिन भी देखे हैं जब कुछ भी हमारे पक्ष में नहीं लग रहा था। और मैंने सबसे शानदार पल भी अनुभव किए हैं – जीत, जश्न, देश का प्रतिनिधित्व करने का गर्व और वे पल जिन्होंने हर त्याग को सार्थक बना दिया।
भावनाओं से भरे दिल लेकिन मन में शांति के साथ कप्तानी छोड़ रही हूँ
हरमन ने लिखा- आज मैं भावनाओं से भरे दिल के साथ, लेकिन मन में शांति के साथ कप्तानी छोड़ रही हूँ। क्योंकि मेरा सच में मानना है कि मेरी टीम सही स्थिति में है। एक ऐसी टीम जिसमें टैलेंट, चरित्र, भरोसा और एक ऐसा भविष्य है जिसे देखने और जिसका हिस्सा बनने के लिए मैं बहुत उत्साहित हूँ।
मुझे लगता है कि मैंने अपना फ़र्ज़ निभाया है
स्टार खिलाड़ी हरमन ने लिखा- मुझे लगता है कि मैंने अपना फ़र्ज़ निभाया है, मैंने इस टीम को अपना सब कुछ दिया। मैंने गर्व के साथ ज़िम्मेदारी निभाई, और भारतीय महिला क्रिकेट की कप्तानी करने के सौभाग्य के लिए मैं हमेशा आभारी रहूँगी। अब, मेरे लिए आगे बढ़ने का समय आ गया है। कप्तानी आज खत्म हो सकती है, लेकिन भारतीय क्रिकेट के लिए मेरा प्यार कभी खत्म नहीं होगा।
टीममेट, कोच, सपोर्ट स्टाफ़, मैनेजमेंट, BCCI, फैन्स का शुक्रिया
उन्होंने लिखा- हर उस टीममेट, कोच, सपोर्ट स्टाफ़, मैनेजमेंट, BCCI, परिवार के सदस्यों और हर उस फ़ैन का शुक्रिया जिन्होंने उतार-चढ़ाव के दौरान मेरा साथ दिया। मैंने खून, पसीना, त्याग, गर्व मैंने अपना सब कुछ झोंक दिया अब, मैं फिर से खेल के प्रति अपने प्यार के लिए खेलने को तैयार हूँ, अंत में हरमन ने लिखा कप्तानी का दौर खत्म हुआ मगर सफ़र जारी है।
View this post on Instagram
पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

