
एक बार फिर रविवार को भारत और पाकिस्तान का महा मुकाबला देखने को मिलने वाला है। दरअसल, आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। आपको जानकर हैरानी होगी कि टीम इंडिया को अब तक पाकिस्तान की महिला टीम ने वनडे में कभी नहीं हराया है। भारतीय टीम ने अब तक पाकिस्तान पर 11-0 की बढ़त बना रखी है। दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमदासा इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार मुकाबला दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा।
पिछले कुछ समय पर नजर डाली जाए तो क्रिकेट के मैदान पर दोनों टीमों के बीच विवाद देखने को मिला है। सितंबर के महीने में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले खेले गए थे और तीनों ही मुकाबले भारतीय टीम ने जीते हैं। पहले 14 सितंबर को पुरुष टीम ने ग्रुप स्टेज के मुकाबले में पाकिस्तान को हराया, फिर 21 सितंबर को सुपर 4 के मुकाबले में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को धूल चटाई और उसके बाद 28 सितंबर को भारतीय टीम ने एशिया कप 2025 के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को करारी मात दी।
कैसा रहा है हेड टू हेड रिकॉर्ड
लेकिन अब भारतीय महिला टीम की बारी है। हालांकि भारतीय महिला टीम का रिकॉर्ड पाकिस्तान पर पुरुष टीम से भी ज्यादा अच्छा रहा है। भारतीय महिलाओं ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना रिकॉर्ड एकतरफा रखा है। दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 11 वनडे मुकाबले खेले गए हैं और सभी 11 बार भारतीय टीम ने जीत हासिल की है। पाकिस्तान अब तक भारत से पहली जीत का इंतजार कर रही है। वर्ल्ड कप पर नजर डाली जाए तो दोनों टीमें चार बार आमने-सामने हुई हैं और चारों ही बार भारतीय टीम ने मुकाबला जीता है। आंकड़ों से साफ होता है कि भारतीय टीम पाकिस्तान पर हमेशा से ही भारी रही है। एक बार फिर पाकिस्तान की राह आसान नहीं होने वाली। पहले मुकाबले में पाकिस्तान को बांग्लादेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। अब अगर पाकिस्तान की टीम भारतीय टीम से हार जाती है तो वर्ल्ड कप 2025 में उसके लिए आगे बढ़ने की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
शानदार फॉर्म में ये भारतीय खिलाड़ी
फिलहाल भारतीय टीम शानदार फॉर्म में चल रही है। भारतीय टीम ने आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 के पहले मुकाबले में ही श्रीलंका को आसानी से हरा दिया था। मुकाबले में स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स ने शानदार प्रदर्शन किया था, जबकि गेंदबाजी में रेणुका ठाकुर और दीप्ति शर्मा जबरदस्त फॉर्म में नजर आई थीं। भारतीय गेंदबाज पाकिस्तान के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन कर सकते हैं और सस्ते में पाकिस्तान की टीम को ऑलआउट कर सकते हैं। बता दें कि दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा। हिंदी में स्टार स्पोर्ट्स हिंदी एचडी और अंग्रेजी में स्टार स्पोर्ट्स 1 एचडी पर मैच देखा जा सकता है, जबकि मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा और डिज्नी प्लस हॉटस्टार ऐप पर की जा रही है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

