आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत vs न्यूजीलैंड, किस टीम को मिलेगी सेमीफाइनल में एंट्री? आज होगा तय!

आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत का सामना न्यूजीलैंड की टीम से होने वाला है। अगर भारत इस मुकाबले में जीत दर्ज कर लेता है तो वह सेमीफाइनल में पहुंचने का प्रबल दावेदार बन जाएगा, लेकिन अगर भारत को इस मुकाबले में हार मिलती है तो न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंचने का दावेदार बन जाएगा।
आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत vs न्यूजीलैंड, किस टीम को मिलेगी सेमीफाइनल में एंट्री? आज होगा तय!

आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत और न्यूजीलैंड के बीच करो या मरो की टक्कर होने वाली है। अगर आज भारत मुकाबला जीत जाता है तो वह सेमीफाइनल में पहुंचने का प्रबल दावेदार बन जाएगा, जबकि न्यूजीलैंड के लिए मुश्किलें खड़ी हो जाएंगी। बता दें कि तीन टीमें पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी हैं। चौथे नंबर के लिए भारत और न्यूजीलैंड की टीमों के बीच टक्कर रहने वाली है। दरअसल, प्वाइंट्स टेबल में इस समय भारत चौथे नंबर पर है जबकि न्यूजीलैंड पांचवें नंबर पर है। दोनों ने पांच-पांच मुकाबले खेले हैं, हालांकि भारत ने दो मुकाबले जीते हैं जबकि न्यूजीलैंड ने मात्र एक मुकाबला जीता है।

न्यूजीलैंड के साथ होने वाले इस मुकाबले को जीतकर भारत सेमीफाइनल में अपनी जगह को मजबूत करना चाहेगा। भारत का रन रेट बेहद शानदार है जबकि न्यूजीलैंड मायनस में चल रहा है। ऐसे में भारत नंबर चार पर अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए इस मैच को जीतने की ओर देखेगा।

वनडे वर्ल्ड कप 2025 में भारत का सफर

दोनों टीमों के अब तक के सफर पर नजर डाली जाए तो भारत ने अपना पहला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ खेला था, जिसे 59 रनों से जीता था, जबकि दूसरा मुकाबला पाकिस्तान की टीम से 88 रनों से जीता था। लेकिन इसके बाद भारतीय टीम को लगातार हार का सामना करना पड़ा। दरअसल, पहले साउथ अफ्रीका से 3 विकेट से, फिर ऑस्ट्रेलिया से 3 विकेट से और अंत में इंग्लैंड से 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। आज भारत इस टूर्नामेंट में अपना छठा मुकाबला खेलने वाला है, वहीं आखिरी मुकाबला 26 अक्टूबर को बांग्लादेश के खिलाफ होगा।

वनडे वर्ल्ड कप 2025 में न्यूजीलैंड का सफर

वहीं न्यूजीलैंड के सफर पर नजर डाली जाए तो न्यूजीलैंड ने अब तक सिर्फ अपना एक मुकाबला जीता है। पहला मुकाबला टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था, जहां उसे 90 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। दूसरे मुकाबले में साउथ अफ्रीका से 6 विकेट से हार मिली थी। हालांकि तीसरे मुकाबले में बांग्लादेश पर न्यूजीलैंड ने 100 रनों की बड़ी जीत हासिल की थी। लेकिन चौथे और पांचवें मुकाबले में बारिश ने न्यूजीलैंड का सफर मुश्किल में डाल दिया। दरअसल, चौथा मुकाबला श्रीलंका के साथ बारिश के चलते रद्द कर दिया गया, जबकि पांचवें मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण कोई खेल नहीं हो सका। ऐसे में दोनों मुकाबलों में एक-एक अंक टीम को दिए गए। बता दें कि न्यूजीलैंड 26 अक्टूबर को इंग्लैंड की टीम के साथ अपना आखिरी मुकाबला खेलेगा।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें

दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के मुकाबलों में दोनों टीमें 13 बार आमने-सामने हुई हैं। इनमें से 10 बार न्यूजीलैंड की टीम ने भारत को हराया है, जबकि भारत को मात्र 2 मुकाबलों में जीत मिली है। वहीं एक मुकाबला टाई रहा है। भारत पर न्यूजीलैंड हमेशा से भारी रहा है। ओवरऑल वनडे रिकॉर्ड पर नजर डालें तो अब तक दोनों टीमों के बीच 57 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 34 बार न्यूजीलैंड ने जीत हासिल की है जबकि 22 बार भारत को जीत मिली है और एक मुकाबला टाई रहा है। हालांकि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। अब देखना होगा कि क्या भारत न्यूजीलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना पाता है या नहीं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews