ICC Women World Cup 2025 में आज NZW vs BANW, क्या आज फिर बारिश बिगाड़ेगी खेल?

आज आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच मुकाबला खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के लिए अब तक यह सफर बेहद निराशाजनक रहा है। टीम को एक भी मुकाबले में जीत नहीं मिली है। ऐसे में आज न्यूजीलैंड बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप में अपने पहले पॉइंट हासिल करना चाहेगी।
ICC Women World Cup 2025 में आज NZW vs BANW, क्या आज फिर बारिश बिगाड़ेगी खेल?

आज आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में लीग स्टेज का 11वां मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला न्यूजीलैंड और बांग्लादेश की टीमों के बीच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में दोपहर 3:00 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस 2:30 बजे किया जाएगा। न्यूजीलैंड ने अब तक विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में एक भी मुकाबला नहीं जीता है। टीम ने अब तक दो मुकाबले खेले हैं और दोनों ही में हार का सामना करना पड़ा है। पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड को 88 रनों से हार झेलनी पड़ी थी।

वहीं बांग्लादेश पर नजर डाली जाए तो बांग्लादेश के लिए भी अब तक का यह सफर निराशाजनक रहा है। टीम ने आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिनमें से एक मुकाबले में जीत मिली है जबकि एक में हार का सामना करना पड़ा है। इसके चलते बांग्लादेश की टीम पॉइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर मौजूद है। आज बांग्लादेश एक और मुकाबला जीतकर चौथे नंबर पर पहुंच सकता है।

जानें दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड

दोनों टीमों के बीच हेड टू हेड मुकाबले पर नजर डाली जाए तो न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच अब तक कुल 4 विमेंस वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से दो मुकाबले न्यूजीलैंड के नाम रहे हैं, जबकि दो मुकाबलों का कोई परिणाम नहीं निकला। वनडे वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच एक मुकाबला 2022 में खेला गया था, जिसमें न्यूजीलैंड की टीम ने नौ विकेट से जीत हासिल की थी। बांग्लादेश अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं जीत पाया है। ऐसे में आज महिला वनडे वर्ल्ड कप में बांग्लादेश इतिहास बनाना चाहेगा।

आज बारिश बिगाड़ सकती है खेल

आज के मुकाबले पर बारिश का साया भी मंडरा रहा है। बता दें कि कोलंबो का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मैच के दौरान हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक 55% संभावना है कि बारिश हो सकती है। इससे पहले कोलंबो में खेले गए ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच मुकाबले को बारिश के चलते रद्द करना पड़ा था। वहीं पिच रिपोर्ट पर नजर डाली जाए तो इस मैदान पर स्पिनर्स को काफी मदद मिलती है। पिछले कुछ मुकाबलों में इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों का बोलबाला देखने को मिला है। बांग्लादेश के पास शानदार स्पिनर हैं, जिसके चलते उसने पाकिस्तान के खिलाफ सात विकेट से जीत दर्ज की थी। अब तक खेले गए इस मुख्य मैदान पर 24 विमेंस वनडे मुकाबलों में 14 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जबकि 10 बार पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को जीत मिली है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI:

न्यूजीलैंड: सूजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, एमेलिया केर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेला गेज (विकेटकीपर), जेस केर, इडेन कार्सन, ब्री इलिंग, ली ताहुहु।

बांग्लादेश: रुबिया हैदर, शरमीन अख्तर, निगार सुल्ताना (कप्तान और विकेटकीपर), सोभना मोस्तरी, शोरना अख्तर, ऋतु मोनी, फहीमा खातून, नाहिदा अख्तर, राबेया खान, मारुफा अख्तर, शंजीदा अख्तर।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews