भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर आज तीसरा वनडे मुकाबला खेला जा रहा है। मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। वहीं मैदान पर उतरने से पहले ही भारतीय खिलाड़ी शुभमन गिल और रोहित शर्मा ने नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। दरअसल, वनडे क्रिकेट में भारत ने लगातार 18 टॉस हारे हैं। इसके साथ ही भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। आज से पहले कोई भी टीम वनडे क्रिकेट में इतने टॉस लगातार नहीं हारी थी।
वहीं ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने शानदार शुरुआत की है। दरअसल, 10 ओवर के खेल तक ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एक विकेट के नुकसान पर 63 रन बना लिए हैं। ट्रैविस हेड 29 रन बनाकर मोहम्मद सिराज का शिकार बने हैं, लेकिन उन्होंने ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाई है।
अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी बाहर
अब दोनों टीमों की प्लेइंग-11 पर नजर डालें तो आज भारतीय टीम में दो बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। बता दें कि आज टीम में कुलदीप यादव और प्रसिद्ध कृष्णा को मौका दिया गया है। इसके चलते अर्शदीप सिंह और नीतीश कुमार रेड्डी को बाहर बैठना पड़ा है। नीतीश कुमार रेड्डी ने पिछले दो मुकाबलों में निराशाजनक प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी में फ्लॉप रहे और गेंदबाजी में भी एक भी विकेट हासिल नहीं किया, जबकि अर्शदीप सिंह काफी महंगे साबित हुए। यही कारण है कि उन्हें अब टीम से बाहर बैठना पड़ा है। अब प्रसिद्ध कृष्णा और कुलदीप यादव पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रसिद्ध कृष्णा का पहला ओवर काफी महंगा साबित हुआ। कृष्णा ने दो ओवर में 16 रन दे दिए और कोई सफलता हासिल नहीं की।
पहली बार क्लीन स्वीप का खतरा
आज भारतीय टीम पर पहली बार क्लीन स्वीप का खतरा मंडरा रहा है। आज तक ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत को वनडे क्रिकेट में क्लीन स्वीप नहीं कर पाई है, लेकिन पिछले दो मुकाबले भारत हार चुका है। ऐसे में अगर आखिरी मुकाबला भी भारत हार जाता है तो ऑस्ट्रेलिया क्लीन स्वीप हासिल कर लेगा। बता दें कि पिछले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को दो विकेट से हराया था, जबकि पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट से जीत दर्ज की थी। हालांकि पहला मुकाबला DLS नियम के तहत ऑस्ट्रेलिया ने जीता था।
हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें
दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड पर नजर डालें तो सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम का रिकॉर्ड बेहद खराब है। पिछले 9 सालों से भारतीय टीम ने यहां कोई भी वनडे मुकाबला नहीं जीता है। आखिरी जीत भारतीय टीम को इस मैदान पर 23 जनवरी 2016 को मिली थी। इसके बाद से भारतीय टीम ने इस मैदान पर तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों में हार का सामना किया है। दोनों टीमों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया की पिचों पर अब तक कुल 56 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से 40 मुकाबलों में मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की है, जबकि मात्र 14 मुकाबलों में भारत ने जीत दर्ज की है। दो मैचों का परिणाम नहीं निकला था।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11 इस प्रकार है:
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: मिचेल मार्श (कप्तान), ट्रैविस हेड, मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कॉनोली, नाथन एलिस, मिचेल स्टार्क, एडम जम्पा, जोश हेजलवुड।






