
भारतीय क्रिकेट टीम वनडे क्रिकेट में एक नया दौर शुरू करने जा रही है। बता दें कि शुभमन गिल बतौर कप्तान पहली बार किसी बड़े विदेशी दौरे पर जाने वाले हैं। शुभमन गिल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 19 अक्टूबर से होने वाली वनडे सीरीज में बतौर कप्तान मैदान पर उतरेंगे, वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल मार्श कप्तानी करेंगे। ऑस्ट्रेलिया के साथ जब भी क्रिकेट के मैदान पर मुकाबला होता है, तो रोमांच से भरपूर होता है। 19 अक्टूबर को होने वाला मुकाबला बेहद खास होने वाला है क्योंकि इस मुकाबले में विराट कोहली और रोहित शर्मा भी नजर आएंगे।
सबसे बड़ी परीक्षा शुभमन गिल के लिए रहने वाली है। शुभमन बतौर कप्तान अपनी पहली बड़ी परीक्षा देने वाले हैं। हालांकि इससे पहले इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में शुभमन गिल ने शानदार कप्तानी की थी और बल्लेबाजी से भी सभी को मोहित किया था। लेकिन ऑस्ट्रेलिया में हमेशा से ही क्रिकेट मुश्किल रहा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत पर हमेशा भारी रही है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 19 अक्टूबर से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी। इससे पहले हम आपको ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर भारत का रिकॉर्ड बता रहे हैं।
दोनों टीमों के बीच खेले गए कुल 152 वनडे मुकाबले
बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक कुल 152 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि ऑस्ट्रेलिया ने 84 बार भारत को हराया है, जबकि भारत ने मात्र 58 बार जीत दर्ज की है। 1980 में पहली बार दोनों टीमों के बीच वनडे मुकाबला खेला गया था। हर दशक में दोनों टीमों के बीच यादगार मैच खेले गए हैं। ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर भारत के लिए हमेशा ही मुकाबला जीतना मुश्किल रहा है। दरअसल, दोनों टीमों के बीच ऑस्ट्रेलिया में 52 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 14 मुकाबले जीते हैं, जबकि 38 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। मात्र दो मुकाबले ऐसे रहे जिनका कोई नतीजा नहीं निकला। भारत का जीत प्रतिशत ऑस्ट्रेलिया में मात्र 26.30 रहा है, लेकिन पिछले कुछ सालों में भारत की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को कई बड़ी हार दी है।
भारत ने बना रखे हैं ये रिकॉर्ड
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर भारत ने कई बड़े रिकॉर्ड भी बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया में वनडे क्रिकेट में भारत ने अपना सर्वाधिक स्कोर 338 रन बनाया था। यह बड़ा रिकॉर्ड 29 नवंबर 2020 को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारतीय टीम ने बनाया था। वहीं 1991 में भारतीय टीम ने सबसे बड़ी वनडे जीत दर्ज की थी। पर्थ में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 107 रनों से हराया था, जबकि मेलबर्न में भी ऑस्ट्रेलिया को भारत ने दो बार 8 विकेट से हराया था। अब देखना होगा कि क्या भारतीय टीम 2025 की वनडे सीरीज में यह रिकॉर्ड तोड़ पाती है या नहीं।
रोहित शर्मा रहे हैं ऑस्ट्रेलिया पर भारी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली सीरीज में सभी की निगाहें रोहित शर्मा पर रहने वाली हैं। बता दें कि रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार पारियां खेली हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 200 रन बनाने का रिकॉर्ड भी रोहित शर्मा के नाम दर्ज है। उन्होंने अब तक ऑस्ट्रेलिया में खेले गए 19 वनडे मुकाबलों में 990 रन बनाए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज से ज्यादा हैं। ऑस्ट्रेलिया में रोहित के बल्ले से कुल चार शतक निकले हैं। 2016 में रोहित शर्मा ने 163 गेंदों पर 171 रन की नाबाद पारी खेली थी। रोहित शर्मा 19 मैचों में 29 छक्के भी जड़ चुके हैं और उनके नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

