IND vs NZ 2nd ODI: न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज जीतने पर भारत की नजरें, वॉशिंगटन सुंदर बाहर! जानिए किसे मिल सकता है मौका?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे आज राजकोट में खेला जाएगा। टीम इंडिया यह मैच जीतकर न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार 8वीं घरेलू वनडे सीरीज अपने नाम करना चाहेगी। चोटिल वॉशिंगटन सुंदर की जगह आयुष बडोनी को डेब्यू का मौका मिल सकता है।
IND vs NZ 2nd ODI: न्यूजीलैंड से वनडे सीरीज जीतने पर भारत की नजरें, वॉशिंगटन सुंदर बाहर, जानिए किसे मिल सकता है मौका?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम पहला मैच जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी है और उसकी नजरें इस मैच को जीतकर अजेय बढ़त हासिल करने पर होंगी। यह मैच दोपहर 1:30 बजे शुरू होगा, जबकि टॉस 1:00 बजे होगा।

भारतीय सरजमीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया का रिकॉर्ड शानदार रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 वनडे सीरीज खेली गई हैं और सभी में भारत ने जीत हासिल की है। अगर आज भारतीय टीम जीत दर्ज करती है, तो यह कीवियों के खिलाफ उसकी लगातार आठवीं घरेलू वनडे सीरीज जीत होगी।

सुंदर बाहर, प्लेइंग-XI में बदलाव तय

पहले वनडे में चोटिल हुए ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। ऐसे में प्लेइंग-XI में बदलाव निश्चित है। उम्मीद है कि टीम मैनेजमेंट युवा ऑलराउंडर आयुष बडोनी को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका दे सकता है। वहीं, टीम में संतुलन बनाने के लिए एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज के तौर पर नीतीश कुमार रेडडी को भी शामिल किया जा सकता है।

राजकोट में भारत का रिकॉर्ड रहा है खराब

हालांकि, राजकोट का मैदान भारत के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। टीम इंडिया ने यहां अब तक 4 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें से केवल एक में जीत मिली है और 3 में हार का सामना करना पड़ा है। इस मैदान पर खेले गए सभी चारों मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। आखिरी बार 2023 में यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हुए मैच में भारत को 66 रनों से हार मिली थी।

पहले मैच के हीरो

पहले वनडे में विराट कोहली ने 93 रनों की शानदार पारी खेली थी और वह सीरीज में टॉप स्कोरर हैं। गेंदबाजी में मोहम्मद सिराज ने 2 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए डेरिल मिचेल ने 84 रन बनाए थे और काइल जैमीसन ने 4 विकेट झटके थे।

कैसा रहेगा मौसम और पिच?

राजकोट की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। मौसम विभाग के अनुसार, मैच के दिन मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई आशंका नहीं है। तापमान 13 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है, जिससे खेल पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI

भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी/आयुष बडोनी, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।

न्यूजीलैंड: माइकल ब्रेसवेल (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, मिच हे (विकेटकीपर), जैक फॉल्क्स, काइल जैमिसन, माइकल रे, अदित्य अशोक।

कहां देखें मैच?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज के मैचों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा। इसके अलावा, लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार (JioHotstar) ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews