प्लेऑफ में पहुंचने के बाद और ज्यादा बड़ी मुंबई इंडियंस की टेंशन! कहीं एक बार फिर न हो जाए ऐसा…

IPL 2025 के प्लेऑफ में जगह बना चुकी मुंबई इंडियंस की टीम के लिए आगे की राह आसान नहीं लग रही है। दरअसल 16 अंकों के साथ क्वालिफाई करने के बाद भी टीम टॉप-2 की रेस से लगभग बाहर है। इतिहास पर नजर डाली जाए तो जब भी MI तीसरे या चौथे नंबर पर प्लेऑफ में पहुंची है, वो फाइनल तक नहीं पहुंच पाई है।
IPL 2025

IPL 2025 के प्लेऑफ की तस्वीर अब साफ हो गई है। मुंबई इंडियंस ने आखिरी में दमदार खेल दिखाते हुए क्वालिफिकेशन की दौड़ में जगह बनाई, लेकिन उनके सामने अब एक और चुनौती है टॉप-2 में पहुंचने की है। दरअसल टीम का अब एक ही मैच बाकी है और 16 अंकों के साथ वे फिलहाल तीसरे-चौथे पायदान पर हैं। ऐसे में फैंस की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि MI जब भी टॉप-2 से बाहर रही है, फाइनल तक नहीं पहुंच पाई है।

दरअसल मुंबई इंडियंस की शुरुआत इस सीजन बेहद ही खराब रही थी। टीम ने लगातार चार मैच गंवाए और ऐसा लग रहा था कि प्लेऑफ की उम्मीदें अब लगभग खत्म हो चुकी हैं। लेकिन इसके बाद टीम ने कमाल की वापसी की और अगले सात में से छह मैच जीतकर खुद को दौड़ में बनाए रखा। अब उनके 16 अंक हो चुके हैं और 26 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ आखिरी लीग मैच जयपुर में खेला जाएगा।

इतिहास मुंबई को डाल रहा चिंता में

हालांकि मुश्किल ये है कि बाकी तीनों प्लेऑफ टीमों में से दो के दो-दो मैच बचे हैं और उनके पास 17 से 18 अंक हैं। ऐसे में मुंबई के लिए टॉप-2 में पहुंचना सिर्फ जीत पर नहीं, बल्कि दूसरी टीमों की हार पर भी निर्भर करता है। यही कारण है कि प्लेऑफ में पहुंचने के बावजूद टीम को सुकून नहीं है। अगर आईपीएल इतिहास देखा जाए तो मुंबई इंडियंस ने जब-जब टॉप-2 में प्लेऑफ में एंट्री ली है, तब-तब वो फाइनल तक पहुंची है और कई बार खिताब भी जीता है। टीम ने छह बार टॉप-2 में फिनिश किया और हर बार फाइनल में पहुंची। वहीं जब टीम तीसरे या चौथे स्थान पर रही, तो एक भी बार फाइनल नहीं खेल सकी। यही रिकॉर्ड अब चिंता की वजह बना है।

क्या एलिमिनेटर खेलेगी मुंबई इंडियंस?

दरअसल टीम मैनजमेंट और खिलाड़ी यह जानते हैं कि एलिमिनेटर खेलने का प्रेशर कितना ज्यादा होता है। बता दें की टॉप-2 टीमों को एक हार की छूट मिलती है, लेकिन तीसरे और चौथे नंबर पर आने वाली टीमों को फाइनल तक पहुंचने के लिए लगातार दो नॉकआउट मैच जीतने होते हैं। यही बात मुंबई के लिए खतरे की घंटी है, खासकर तब जब बाकी टीमें भी मजबूत फॉर्म में हैं। मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल टीमों में से एक रही है। अब तक टीम पांच बार ट्रॉफी उठा चुकी है आखिरी बार 2020 में मुंबई ने खिताब जीता था। लेकिन 2021 से अब तक टीम का ग्राफ ऊपर-नीचे रहा है। पिछले साल तो टीम सबसे नीचे रही थी, इसलिए फैंस इस बार उम्मीद लगाए बैठे हैं कि छठा खिताब जरूर जीतेंगे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews