आईपीएल 2026 का 65वां मुकाबला आज कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जाएगा। दरअसल यह मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में शाम 7.30 बजे से शुरू होगा, जहां कोलकाता के लिए प्लेऑफ में बने रहने के लिए हर हाल में जीत दर्ज करना आवश्यक है। टीम इस समय 12 मैचों में 11 अंकों के साथ आठवें स्थान पर है। वहीं, टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस 12 मैचों में 8 अंकों के साथ नौवें स्थान पर है, लेकिन वह कोलकाता का प्लेऑफ गणित बिगाड़ने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
दरअसल दोनों टीमें आईपीएल इतिहास में अब तक 36 बार आमने-सामने आ चुकी हैं। आंकड़ों के अनुसार, मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी रहा है, जिसने 25 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि कोलकाता ने 11 मुकाबले जीते हैं। इस सीजन के पहले मुकाबले में भी मुंबई ने कोलकाता को हराया था।
कोलकाता के लिए प्लेऑफ की राह आसान नहीं
कोलकाता के लिए प्लेऑफ की राह आसान नहीं दिख रही है। यदि टीम आज का मैच जीत भी जाती है, तो भी उसकी किस्मत पंजाब किंग्स के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी। बेंगलुरु, गुजरात और हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं। अब अंतिम एक स्थान के लिए पांच टीमें दौड़ में हैं। पंजाब किंग्स के पास 13 अंक हैं, वहीं राजस्थान रॉयल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के 12-12 अंक हैं। कोलकाता के 11 अंक होने के कारण उसे अन्य टीमों के परिणामों पर भी नजर रखनी होगी।
शानदार फॉर्म में फिन एलन
कोलकाता के लिए फिन एलन शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने ओपनिंग में वापसी करते हुए पिछले कुछ मैचों में एक शतक और 35 गेंदों में 93 रन की पारी खेली है। अंगकृष रघुवंशी और उप-कप्तान रिंकू सिंह मध्यक्रम को मजबूती दे रहे हैं। रघुवंशी टीम के शीर्ष रन स्कोरर हैं, जबकि कार्तिक त्यागी ने सबसे अधिक विकेट लिए हैं।
वापसी कर सकते हैं हार्दिक पंड्या
मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या चोट के बाद वापसी के लिए तैयार हैं। उन्होंने पिछले तीन मैच मिस किए थे और सोमवार को नेट्स पर अभ्यास करते दिखे थे। हालांकि, हार्दिक के लिए यह सीजन खास नहीं रहा है। उन्होंने 8 पारियों में 20.85 की औसत से 146 रन बनाए हैं और गेंदबाजी में 11.90 की इकोनॉमी से सिर्फ 4 विकेट लिए हैं। रायन रिकेल्टन टीम के शीर्ष रन स्कोरर हैं, जबकि अल्लाह गजनफर ने सर्वाधिक विकेट लिए हैं। मुंबई को दो बड़े झटके भी लगे हैं, क्योंकि विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक और ऑलराउंडर राज अंगद बावा चोट के कारण आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। डी कॉक को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले बाएं हाथ की कलाई में चोट लगी थी, जबकि राज अंगद बावा को पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में दाएं अंगूठे में चोट लगी थी।
ईडन गार्डन्स की पिच पर नजर डालें
ईडन गार्डन्स की पिच बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। सपाट पिच पर गेंद बल्ले पर अच्छे बाउंस के साथ आती है, जिससे रन बनाना आसान होता है। तेज आउटफील्ड और छोटी बाउंड्री के कारण यहां अक्सर हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिल सकती है, और मैच आगे बढ़ने पर स्पिनर्स भी प्रभावी हो सकते हैं। हालांकि, बल्लेबाज सेट होने के बाद बड़े शॉट्स खेलने में सक्षम होते हैं। ईडन गार्डन्स में अब तक खेले गए 105 मैचों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 44 बार और बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 59 बार जीत हासिल की है।
20 मई को कोलकाता में दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। शाम में हल्की बारिश की 25% संभावना है, लेकिन मैच के दौरान आसमान साफ रहने की उम्मीद है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-12 इस प्रकार है:
कोलकाता- अजिंक्य रहाणे (कप्तान), फिन एलन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, सौरभ दुबे, वरुण चक्रवर्ती, मथीश पथिराना।
मुंबई- हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफन रदरफोर्ड, विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, शार्दूल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह।






