IPL 2026 का शेड्यूल 12 मार्च को हो सकता है जारी, सिर्फ 20 दिनों का शेड्यूल आ सकता है सामने

IPL 2026 के शेड्यूल पर बना सस्पेंस अब खत्म होने वाला है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने तारीख का ऐलान कर दिया है, लेकिन एक बड़े ट्विस्ट के साथ। पूरा शेड्यूल एक बार में नहीं, बल्कि टुकड़ों में आएगा। पहली लिस्ट 12 मार्च को जारी होगी जिसमें सिर्फ शुरुआती 20 दिनों के मैचों का ब्यौरा होगा।
IPL 2026 का शेड्यूल 12 मार्च को हो सकता है जारी, सिर्फ 20 दिनों का शेड्यूल आ सकता है सामने

क्रिकेट फैंस का लंबा इंतज़ार अब कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है। IPL 2026 के शेड्यूल पर BCCI ने आखिरकार अपनी चुप्पी तोड़ी है। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने साफ कर दिया है कि लीग के अगले सीज़न का शेड्यूल 12 मार्च को जारी कर दिया जाएगा।

लेकिन कहानी में एक बड़ा पेंच

फैंस को पूरा शेड्यूल एक साथ देखने को नहीं मिलेगा। न्यूज़ एजेंसी IANS से बात करते हुए सचिव देवजीत सैकिया ने बताया, “हम 12 मार्च तक IPL 2026 का शेड्यूल जारी करने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल, हम पहले 20 दिनों का शेड्यूल जारी करेंगे।” यह ऐलान उन अटकलों पर विराम लगाता है, जिनमें कहा जा रहा था कि T20 विश्व कप फाइनल के दिन ही शेड्यूल आ जाएगा।

चुनाव का पेंच, इसीलिए अधूरा शेड्यूल

सवाल उठता है कि BCCI पूरा शेड्यूल एक बार में क्यों नहीं जारी कर रहा? इसकी वजह देश की चुनावी राजनीति है। साल 2026 में पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं। ये तीनों ही राज्य IPL के लिहाज़ से अहम हैं और यहां कई बड़े मुकाबले खेले जाते हैं।

चुनाव की तारीखों, सुरक्षा व्यवस्था और रैलियों के मद्देनज़र बोर्ड कोई जोखिम नहीं लेना चाहता। इसीलिए चुनाव आयोग के साथ तालमेल बिठाते हुए शेड्यूल को टुकड़ों में तैयार किया जा रहा है, ताकि मैचों की तारीखें और चुनावी प्रक्रिया आपस में न टकराएं।

तो कब से शुरू होगा टूर्नामेंट?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर शेड्यूल 12 मार्च को आ रहा है तो टूर्नामेंट शुरू कब से होगा? पहले की कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि IPL की शुरुआत 28 मार्च से हो सकती है और फाइनल 31 मई को खेला जा सकता है। हालांकि, ये सिर्फ अनुमान हैं।

असली तारीखों का खुलासा तो 12 मार्च को ही होगा जब BCCI पहले 20 दिनों का रणक्षेत्र तय करेगा। तब तक फैंस को थोड़ा और इंतज़ार करना होगा, यह जानने के लिए कि उनकी पसंदीदा टीमें कब और कहाँ अपना पहला मैच खेलेंगी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews