विराट और रोहित के बाद अब ये दिग्गज भी कहने वाला है टेस्ट को अलविदा, जानिए क्यों जताई जा रही ऐसी संभावना?

क्या इंग्लैंड दौरे के बाद भारत के स्टार खिलाड़ी जसप्रीत बुमराह संन्यास का ऐलान करेंगे? दरअसल, अचानक उनके संन्यास को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं। इस समय खेले जा रहे भारत और इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह का फॉर्म दिखाई नहीं दे रहा है। क्या यही इसकी वजह है? चलिए जानते हैं।
विराट और रोहित के बाद अब ये दिग्गज भी कहने वाला है टेस्ट को अलविदा, जानिए क्यों जताई जा रही ऐसी संभावना?

भारत और इंग्लैंड के बीच इस समय 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था, जिसके बाद भारतीय टीम ने शुभमन गिल को कप्तान के तौर पर चुना। हालांकि इससे पहले संभावना जताई जा रही थी कि नए कप्तान के तौर पर जसप्रीत बुमराह को चुना जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसका कारण जसप्रीत बुमराह की चोट को माना गया। वे ज्यादातर समय टीम से बाहर रहते हैं, ऐसे में उन्हें कप्तान बनाने का निर्णय नहीं लिया गया।

लेकिन अब अचानक से जसप्रीत बुमराह के संन्यास को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। दावा किया जा रहा है कि इंग्लैंड सीरीज के बाद जसप्रीत बुमराह टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। हालांकि इस समय जसप्रीत बुमराह अपनी खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। इंग्लैंड दौरे पर उन्होंने वैसा प्रदर्शन नहीं किया जिस प्रकार से वे ज्यादातर समय करते हुए दिखाई देते हैं।

क्यों हो रही संन्यास की चर्चा?

हालांकि इंग्लैंड दौरे पर जसप्रीत बुमराह ने दो पारियों में पांच विकेट हॉल पूरा किया है, लेकिन दोनों मैच भारतीय टीम जीत नहीं सकी। वहीं चौथे मुकाबले में भी जसप्रीत बुमराह का जादू नहीं चला। उनके आगे इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने जमकर रन बनाए। वहीं अब जसप्रीत बुमराह को लेकर भारत के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने एक बड़ा बयान दिया है। उनके मुताबिक जसप्रीत बुमराह जल्द ही टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई एक वीडियो में मोहम्मद कैफ ने कहा कि आने वाले समय में टेस्ट क्रिकेट को जसप्रीत बुमराह द्वारा अलविदा कहा जा सकता है क्योंकि उनका शरीर अब साथ नहीं दे रहा है।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर का दावा!

मोहम्मद कैफ के मुताबिक अगर वे आने वाले मैच में खेलते हुए नहीं दिखाई देते हैं, तो वे संन्यास भी ले सकते हैं क्योंकि वे अपने शरीर से जूझ रहे हैं, धीमी गेंदें डाल रहे हैं। जसप्रीत बुमराह में अब टेस्ट वाली रफ्तार भी नहीं दिख रही है। मोहम्मद कैफ के मुताबिक जसप्रीत बुमराह को लगेगा कि वे पूरा सौ फीसदी नहीं दे पा रहे हैं और देश के लिए मैच नहीं जिता पा रहे हैं, और वे खुद ही टेस्ट से संन्यास का ऐलान कर देंगे। मोहम्मद कैफ ने सोशल मीडिया पर कहा कि विकेट न मिलें, ये अलग बात है, लेकिन जो रफ्तार 125-130 की स्पीड से गेंद डाल रहे थे, वह बेहद कम थी। अब जसप्रीत बुमराह का शरीर साथ नहीं दे रहा है। बुमराह में जुनून वही है, शिद्दत वही है, देश के लिए खेलने की भावना भी वही है, पर बंदा शरीर से हार चुका है, फिटनेस से हार चुका है। मुझे लगता है कि आगे दिक्कत आएगी टेस्ट मैच में। विराट कोहली जा चुके हैं, रोहित शर्मा जा चुके हैं, अश्विन भी जा चुके हैं, मुझे लगता है अब जसप्रीत बुमराह की बारी है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews