भारत के इस फैसले से आगबबूला हुए जोस बटलर, कहा – ‘हम इस फैसले से कतई संतुष्ट नहीं हैं’

टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मुकाबले में शिवम दुबे की जगह हर्षित राणा को कंकशन सब्स्टीट्यूट के रूप में खिलाया था, लेकिन इसके बाद इस फैसले पर विवाद देखने को मिल रहा है। दरअसल, इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर भी इस फैसले से नाराज नजर आए।
भारत के इस फैसले से आगबबूला हुए जोस बटलर, कहा - 'हम इस फैसले से कतई संतुष्ट नहीं हैं'

भारत और इंग्लैंड के बीच पुणे में खेले गए चौथे T20 मैच में बड़ा विवाद सामने आया। हर्षित राणा को शिवम दुबे की जगह रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के रूप में खिलाया गया था, लेकिन अब इस रिप्लेसमेंट को लेकर विवाद हो रहा है। इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर इस फैसले को लेकर बेहद नाराज दिखाई दिए। जानिए इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने क्या कहा।

इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन ने भी इसे गलत करार दिया है। दरअसल, भारतीय टीम और गौतम गंभीर पर बेईमानी के आरोप लग रहे हैं। केविन पीटरसन का कहना है कि भारतीय टीम ने आईसीसी के नियमों का उल्लंघन किया है।

क्या बोले कप्तान जोस बटलर

दरअसल, शिवम दुबे के चोटिल होने के बाद भारतीय टीम ने हर्षित राणा को रिप्लेसमेंट के तौर पर खिलाया। हर्षित राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पूरा मैच पलट दिया और तीन विकेट अपने नाम किए। इसके बाद टीम इंडिया पर आरोप लगे कि उन्होंने कंकशन रूल का उल्लंघन किया है। जोस बटलर ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “यह लाइक-फॉर-लाइक रिप्लेसमेंट नहीं था। हम इससे बिल्कुल भी सहमत नहीं हैं। हमें लगता है कि या तो शिवम दुबे अचानक तेज गेंदबाजी करने लग गए हैं या फिर हर्षित राणा ने शानदार बल्लेबाजी करना सीख लिया है। खैर, यह सब खेल का हिस्सा है। हमें मैच जीतने के बारे में सोचना चाहिए था, लेकिन हम इस फैसले से कतई संतुष्ट नहीं हैं।”

क्या बोले केविन पीटरसन

इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी केविन पीटरसन ने भी मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “मैं नहीं कह सकता कि यह लाइक-फॉर-लाइक रिप्लेसमेंट था। आउट होने से पहले जोस बटलर भी इस सब्स्टीट्यूशन से खुश नजर नहीं आए थे। वह आउट होने के बाद बेहद गुस्से में दिखाई दिए और सीधे डगआउट में चले गए। उन्होंने किसी से बात भी नहीं की, क्योंकि उन्हें लगा कि यह रिप्लेसमेंट नियमों के अनुरूप नहीं था।”

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews