कायरन पोलार्ड ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड, 700 टी-20 मैच खेलने वाले पहले क्रिकेटर बने

वेस्टइंडीज के धाकड़ ऑलराउंडर कायरन पोलार्ड ने टी-20 क्रिकेट में एक अनोखा मुकाम हासिल किया है। दरअसल वह इस फॉर्मेट में 700 मैच खेलने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पोलार्ड ने यह रिकॉर्ड अमेरिका में चल रही मेजर लीग क्रिकेट के दौरान बनाया है। वहीं इससे पहले कोई भी खिलाड़ी टी-20 में इतने मुकाबले नहीं खेल पाया है।
कायरन पोलार्ड

कायरन पोलार्ड ने टी-20 क्रिकेट में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है जो अब तक कोई नहीं कर पाया था। वह 700 टी-20 मैच खेलने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। पोलार्ड इन दिनों मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में MI न्यूयॉर्क टीम के साथ खेल रहे हैं। 24 जून को MLC 2025 के 14वें मुकाबले में जब न्यूयॉर्क ने सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न के खिलाफ मैच खेला, तो पोलार्ड ने इतिहास रच दिया।

सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी

दरअसल भले ही इस सीजन में उनकी कप्तानी की जिम्मेदारी निकोलस पूरन संभाल रहे हैं, लेकिन पोलार्ड की मौजूदगी टीम के लिए बड़ी ताकत है। वहीं कायरन पोलार्ड ने जिस मुकाम को छुआ है, वहां तक बाकी खिलाड़ी अभी काफी पीछे हैं। पोलार्ड के बाद सबसे ज्यादा टी-20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी वेस्टइंडीज के ही ड्वेन ब्रावो हैं, जिन्होंने 582 मैच खेले हैं। तीसरे नंबर पर पाकिस्तान के शोएब मलिक (557 मैच) हैं, जबकि आंद्रे रसेल (556 मैच) और सुनील नरेन (551 मैच) चौथे और पांचवें पायदान पर हैं।

जानिए पोलार्ड के धमाकेदार आंकड़े

पोलार्ड IPL से लेकर CPL, BBL, PSL और अब MLC तक हर बड़े टूर्नामेंट का हिस्सा रहे हैं और अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से कई मैच जिता चुके हैं। कायरन पोलार्ड ने अब तक टी-20 फॉर्मेट में 31.34 के औसत से 13,634 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 150.41 का है। उन्होंने इस फॉर्मेट में 1 शतक और 61 अर्धशतक भी लगाए हैं। बतौर ऑलराउंडर उन्होंने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी अहम योगदान दिया है, हालांकि इस सीजन वह गेंदबाजी में खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं।

MLC 2025 के मौजूदा सीजन की बात करें तो पोलार्ड ने अब तक 5 में से 4 पारियां खेलीं हैं, जिनमें उन्होंने 32.33 की औसत से 97 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट इस दौरान 190.19 का रहा है, जो उनके आक्रामक अंदाज को दिखाता है। हालांकि इस बार वो अब तक कोई विकेट नहीं ले पाए हैं। MI न्यूयॉर्क की टीम को सीजन में अब तक सिर्फ 1 ही जीत मिली है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews