ऑस्ट्रेलिया ने किया प्लेइंग 11 का ऐलान, 39 गेंदों में शतक जड़ने वाला करेगा डेब्यू

ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच 21 जुलाई को 5 मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच खेला जाएगा। इस मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है, जिसमें 23 साल के युवा बल्लेबाज को भी शामिल किया गया है।
ऑस्ट्रेलिया ने किया प्लेइंग 11 का ऐलान, 39 गेंदों में शतक जड़ने वाला करेगा डेब्यू

ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज के बीच 21 जुलाई 2025 से शुरू हो रही पांच टी20 मैचों की सीरीज का आगाज जमैका के सबीना पार्क में होने जा रहा है। टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज को 3-0 से करारी शिकस्त देने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम अब टी20 सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरेगी। इस सीरीज के पहले मैच के लिए ऑस्ट्रेलिया ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है, जिसमें 23 साल के युवा बल्लेबाज मिचेल ओवेन को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने का सुनहरा मौका दिया गया है। मिचेल ओवेन की विस्फोटक बल्लेबाजी और बिग बैश लीग (बीबीएल) में उनकी शानदार फॉर्म ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

मिचेल ओवेन ने बीबीएल में 39 गेंदों में जड़ा था शतक

मिचेल ओवेन ने इस साल 27 जनवरी को बीबीएल 2024-25 के फाइनल में होबार्ट हरीकेन्स की ओर से खेलते हुए सिडनी थंडर के खिलाफ 42 गेंदों में 108 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने 11 छक्के जड़े और केवल 39 गेंदों में शतक पूरा कर बीबीएल के सबसे तेज शतकों में से एक का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस धमाकेदार प्रदर्शन ने न केवल होबार्ट को पहला बीबीएल खिताब दिलाया, बल्कि ओवेन को वैश्विक मंच पर सुर्खियों में ला दिया। उनकी इस पारी ने उन्हें साउथ अफ्रीका की एसए20, पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल), और मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में अनुबंध दिलाए।

आईपीएल में निराशा, फिर एमएलसी में वापसी

मिचेल ओवेन को आईपीएल 2025 में पंजाब किंग्स ने अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन वह यहां प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एकमात्र मैच में वह दो गेंदों में खाता खोले बिना आउट हो गए। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और एमएलसी 2025 में वाशिंगटन फ्रीडम के लिए शानदार प्रदर्शन किया। 11 पारियों में 313 रन और 14 विकेट लेकर वह टूर्नामेंट के सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (एमवीपी) चुने गए। इस प्रदर्शन ने ऑस्ट्रेलियाई चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा और उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 में जगह मिली।

ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग XI

मिचेल मार्श (कप्तान), जोश इंग्लिस, कैमरन ग्रीन, ग्लेन मैक्सवेल, मिचेल ओपन, कूपर कोनोली, बेन ड्वार्शुइस, शॉन एबट, नथन एलिस, एडम जंपा

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews