पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने तेज गेंदबाज नसीम शाह पर दो करोड़ पाकिस्तानी रुपये (लगभग 72,000 अमेरिकी डॉलर) का भारी जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई नसीम शाह के एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई है, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज की आलोचना की थी। PCB ने नसीम शाह को अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के नियमों और सोशल मीडिया दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने का दोषी पाया है।
दरअसल मामला हाल ही में हुए पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के उद्घाटन मैच से जुड़ा है। वहीं इस मैच में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज मुख्य अतिथि के तौर पर गद्दाफी स्टेडियम पहुंची थीं। नसीम शाह ने अपनी सोशल मीडिया अकाउंट पर मरियम नवाज की इस कार्यक्रम में उपस्थिति और उन्हें मिले विशेष स्वागत पर टिप्पणी की थी।
ये भी पढ़ें
नसीम शाह ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा था?
बता दें कि नसीम शाह ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि, “उन्हें लॉर्ड्स की महारानी की तरह क्यों व्यवहार किया जा रहा है?” यह पोस्ट मरियम नवाज को दिए गए ‘महारानी’ जैसे शाही स्वागत पर सवाल उठा रहा था। दरअसल मरियम नवाज पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी और मौजूदा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भतीजी हैं, और इस समय पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री भी हैं। यह घटना ऐसे समय में सामने आई जब PCB खुद सरकारी खर्च में कटौती और ईंधन बचाने के उपायों का पालन कर रहा था। बोर्ड ने खाड़ी युद्ध के मद्देनजर लाहौर और कराची में PSL मैचों में प्रशंसकों के आने पर भी प्रतिबंध लगा दिया था ताकि संसाधनों का सदुपयोग हो सके। ऐसे माहौल में, मरियम नवाज को मिले शाही स्वागत पर नसीम शाह की टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया।
नसीम शाह के व्यवहार को अनुशासनहीनता माना।
दरअसल मरियम के PSL के उद्घाटन मैच में मुख्य अतिथि के तौर पर गद्दाफी स्टेडियम पहुंचने के तुरंत बाद, PCB ने नसीम शाह को 27 मार्च को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। बोर्ड ने इस मामले को गंभीरता से लिया और नसीम शाह के व्यवहार को अनुशासनहीनता माना। हालांकि नसीम शाह ने तुरंत अपनी विवादित पोस्ट को हटा दिया था और दावा किया था कि उनका सोशल मीडिया अकाउंट हैक हो गया था। हालांकि, PCB ने इस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया। बोर्ड ने साफ किया कि अकाउंट हैक होने का दावा जांच में सही नहीं पाया गया है।
वहीं इसके बाद, नसीम शाह ने कारण बताओ नोटिस का जवाब दिया और अपने व्यवहार के लिए बिना शर्त माफी भी मांगी। लेकिन, PCB की अनुशासन समिति ने उन्हें केंद्रीय अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने और सोशल मीडिया दिशानिर्देशों का पालन नहीं करने का दोषी पाया। यह जुर्माना इसी फैसले के बाद लगाया गया है। इस घटना के बाद, नसीम शाह के सोशल मीडिया सलाहकार को PCB द्वारा पहले ही हटा दिया गया है और उन्हें ‘ब्लैकलिस्ट’ कर दिया गया है।