
पाकिस्तान, यूएई और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में पाकिस्तान ने यूएई को 31 रनों से हरा दिया। इसके साथ ही इस ट्राई सीरीज की दो फाइनल टीम भी सामने आ गई हैं। अब ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला अफगानिस्तान और पाकिस्तान की टीम के बीच खेला जाएगा। यूएई की टीम इस मुकाबले से बाहर हो चुकी है। हालांकि अफगानिस्तान और यूएई के बीच लीग स्टेज का अंतिम मुकाबला खेला जाना बाकी है। यह मुकाबला 5 सितंबर यानी आज शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
वहीं अब इस ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच 7 सितंबर को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय अनुसार यह मुकाबला रात 8:30 बजे शुरू होगा। अब यह देखना बेहद दिलचस्प रहेगा कि इन दोनों टीमों में से ट्राई सीरीज को कौन सी टीम जीतती है।
फखर ज़मान की शानदार पारी
मुकाबले पर नजर डाली जाए तो पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 171 रन बनाए थे। पाकिस्तान ने अपने 5 विकेट गंवाए थे। पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा रन फखर ज़मान ने बनाए। फखर ज़मान ने 44 गेंदों का सामना करते हुए कुल 77 रनों की पारी खेली। दूसरे छोर से मोहम्मद नवाज ने 27 गेंदों पर नाबाद 37 रन बनाए, जिसके चलते पाकिस्तान की टीम 171 के स्कोर तक पहुंच सकी। यूएई की ओर से सबसे ज्यादा विकेट हैदर अली ने हासिल किए। हैदर अली ने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट झटके।
लक्ष्य से कितना पीछे रह गई टीम?
वहीं इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम की शुरुआत बेहद शानदार रही। आलीशान सराफ और मोहम्मद वसीम ने टीम को मजबूत शुरुआत दी। टीम ने 6 ओवर में 41 रन बना लिए। हालांकि 41 के स्कोर पर कप्तान मोहम्मद वसीम 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। लेकिन एक छोर से आलीशान सराफ ने टीम को संभाले रखा। हालांकि दूसरे छोर से टीम मजबूत दिखाई नहीं दी। टीम को 72 पर दूसरा और 84 पर तीसरा झटका लग गया। इसके बाद टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। 84 पर ही टीम को तीसरा झटका राहुल चोपड़ा के रूप में लगा। टीम 20 ओवर में मात्र 140 रन बना पाई और लक्ष्य से 31 रन पीछे रह गई। पाकिस्तान ने इसके साथ ही ट्राई सीरीज के फाइनल में जगह बना ली। पाकिस्तान की ओर से अबरार अहमद ने चार ओवर में नौ रन देकर चार विकेट हासिल किए।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

