रिटायरमेंट के बाद फिर की मैदान पर वापसी और जड़ दिया शतक, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा ही नहीं क्रिस गेल का भी तोड़ दिया रिकॉर्ड

रिटायरमेंट के बाद दोबारा मैदान पर वापसी करने वाले क्विंटन डी कॉक ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में शानदार शतक जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने रिकॉर्ड की झड़ी लगा दी। क्विंटन डी कॉक ने एक या दो नहीं बल्कि ढेर सारे रिकॉर्ड बना दिए हैं। चलिए जानते हैं कि उन्होंने किस मामले में सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा को पीछे छोड़ा है।
रिटायरमेंट के बाद फिर की मैदान पर वापसी और जड़ दिया शतक, सचिन तेंदुलकर, रोहित शर्मा ही नहीं क्रिस गेल का भी तोड़ दिया रिकॉर्ड

क्विंटन डी कॉक ने सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा के एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में क्विंटन डी कॉक के बल्ले से वनडे करियर का 22वां शतक देखने को मिला। इसके साथ ही क्विंटन डी कॉक बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज सबसे ज्यादा शतक लगाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। जानकारी दें कि क्विंटन डी कॉक ने पहले क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था, लेकिन अपना रिटायरमेंट वापस ले लिया। रिटायरमेंट वापस लेने के बाद यह उनका मात्र दूसरा मुकाबला था और दूसरे ही मुकाबले में क्विंटन डी कॉक ने यह रिकॉर्ड बना दिया।

पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले में क्विंटन डी कॉक को शतक लगाने के चलते मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। दरअसल पाकिस्तान ने साउथ अफ्रीका को 270 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे क्विंटन डी कॉक की शानदार पारी के चलते साउथ अफ्रीका की टीम ने 8 विकेट रहते हासिल किया और वनडे सीरीज को 1-1 की बराबरी पर ला दिया।

वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 22 शतक लगाने वाले चौथे खिलाड़ी बने

इस शानदार पारी के चलते क्विंटन डी कॉक अब वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 22 शतक लगाने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं। क्विंटन डी कॉक ने 157 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ा है। हालांकि इस सूची में हाशिम अमला और विराट कोहली के अलावा डेविड वॉर्नर का नाम शामिल है, जिन्होंने सबसे कम पारियों में 22 शतक लगाए हैं, लेकिन अब चौथे नंबर पर क्विंटन डी कॉक का नाम आ चुका है।

सबसे कम पारियों में 22 शतक लगाने वाले बल्लेबाज

बता दें कि वनडे क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 22 शतक लगाने के मामले में हाशिम अमला पहले स्थान पर हैं। हाशिम अमला ने मात्र 126 पारियों में यह कारनामा किया था। इसके बाद भारत के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली का नाम आता है। विराट कोहली ने यह कारनामा 143 पारियों में किया था। वहीं ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर को वनडे क्रिकेट में 22 शतक लगाने के लिए 153 पारियां लगी थीं। अब क्विंटन डी कॉक ने 157 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की है। बता दें कि क्विंटन डी कॉक के बाद साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज एबी डी विलियर्स का नाम आता है, जिन्होंने 186 पारियों में 22 शतक जड़े थे। हैरानी की बात है कि टॉप फाइव में तीन साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज शामिल हैं।

क्विंटन डी कॉक एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के भी बेहद नजदीक

वहीं अब क्विंटन डी कॉक एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के भी बेहद नजदीक हैं। बता दें कि क्विंटन डी कॉक ने बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने के रिकॉर्ड के भी करीब पहुंच गए हैं। इस मामले में अब वह सिर्फ श्रीलंका के बल्लेबाज कुमार संगकारा से पीछे हैं। कुमार संगकारा ने विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर 23 शतक जड़े थे, जबकि क्विंटन डी कॉक 22 शतक पर पहुंच चुके हैं।

क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया

साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने वेस्टइंडीज के धाकड़ प्लेयर क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। बता दें कि एशिया में बतौर मेहमान बल्लेबाज सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में अब क्विंटन डी कॉक दूसरे नंबर पर आ गए हैं। पहले नंबर पर एबी डी विलियर्स का नाम है, जिन्होंने एशिया में 10 शतक लगाए थे। जबकि क्विंटन डी कॉक 9 शतक लगा चुके हैं। क्विंटन डी कॉक ने इस मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 8 शतक अपने नाम किए थे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews