Hindi News

क्यों रवि शास्त्री ने कहा था “रबाडा का कबाड़ा कर दे”? पार्थिव पटेल ने बताई पूरी बैकस्टोरी

Written by:Rishabh Namdev
Published:
Last Updated:
रवि शास्त्री का एक किस्सा आज भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल होता है, लेकिन अब इस किस्से को लेकर पार्थिव पटेल ने पूरी बैकस्टोरी बताई है। दरअसल, रवि शास्त्री ने पार्थिव पटेल से कहा था कि "रबाडा का कबाड़ा कर दे"। सोशल मीडिया पर यह बात तेजी से वायरल हुई थी, लेकिन अब जानते हैं कि इसके पीछे का कारण क्या था।
क्यों रवि शास्त्री ने कहा था “रबाडा का कबाड़ा कर दे”? पार्थिव पटेल ने बताई पूरी बैकस्टोरी

सोशल मीडिया पर अक्सर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी रवि शास्त्री के मीम्स वायरल होते रहते हैं। हालांकि रवि शास्त्री ने खुद भी कहा है कि उन्हें यह बेहद पसंद आता है जब उनके फैंस इस तरह के मीम्स बनाते हैं और वे वायरल हो जाते हैं। सालों पहले का एक मीम आज भी चर्चा में रहता है। दरअसल, सोशल मीडिया पर रवि शास्त्री का एक बयान खूब वायरल होता है जो उन्होंने कागिसो रबाडा को लेकर दिया था। साउथ अफ्रीका के इस खिलाड़ी को लेकर रवि शास्त्री ने कुछ ऐसी बात कही थी जिसने सभी को हैरान कर दिया था और भारतीय फैंस आज भी इसे याद करते हैं।

हालांकि रवि शास्त्री द्वारा यह बयान पार्थिव पटेल का मनोबल बढ़ाने के लिए दिया गया था। साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका टूर पर रवि शास्त्री ने यह मजेदार बयान दिया था, जिसे पार्थिव पटेल ने अब याद करते हुए इसके पीछे की कहानी बताई है। चलिए जानते हैं कि आखिर इसके पीछे की कहानी क्या है।

पार्थिव पटेल ने इस किस्से की बैकस्टोरी बताई

दरअसल, दूरदर्शन पर प्रसारित एक शो के दौरान पार्थिव पटेल ने इस किस्से की बैकस्टोरी बताई। उन्होंने कहा कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका टूर पर रवि शास्त्री ने उनका मनोबल बढ़ाने के लिए कहा था कि “रबाडा का कबाड़ा कर दे”। पार्थिव पटेल इंटरनेशनल क्रिकेट से अलविदा कह चुके हैं, लेकिन जोहानिसबर्ग में उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला खेला था। इस मुकाबले के दौरान रवि शास्त्री टीम इंडिया के कोच थे। सीरीज के पहले दोनों मुकाबले दक्षिण अफ्रीका के नाम रहे थे, ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी था। तीसरा मुकाबला जोहानिसबर्ग में खेला गया था, जिसमें पार्थिव पटेल भी टीम का हिस्सा थे। इस दौरान कोच रवि शास्त्री ने पार्थिव पटेल को ओपनिंग करने के लिए भेजा था।

जानिए क्या हैं पूरी कहानी

इस किस्से को याद करते हुए पार्थिव पटेल ने कहा कि रवि शास्त्री ने जोहानिसबर्ग टेस्ट की दूसरी पारी में मुझे ओपनिंग करने के लिए भेजा। आमतौर पर कोई भी कोच प्लेइंग कंडीशन और पिच को लेकर बात करता है, लेकिन रवि शास्त्री ने मुझसे कहा “रबाडा का कबाड़ा कर दे”। रवि शास्त्री ऐसा ही सोचते हैं। वह टीम के बाकी खिलाड़ियों में भी जोश भर देते हैं और उन्हें प्रोत्साहित करते हैं। दरअसल, मुकाबले की पहली पारी में पार्थिव पटेल ने नंबर 6 पर बल्लेबाजी की थी और मात्र दो रन बनाकर आउट हो गए थे, जबकि ओपनिंग करते हुए भी पार्थिव पटेल केवल 16 रन ही बना पाए थे। हालांकि, इस मुकाबले को भारत ने 63 रनों से जीत लिया था।