
भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ज्यादातर समय चर्चा में रहते हैं। पिछला कुछ समय भारतीय टीम के लिए बेहद शानदार रहा। दरअसल, इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज भारतीय टीम ने 2-2 की बराबरी पर खत्म की। लंबे समय बाद टेस्ट क्रिकेट में भारत की अच्छी क्रिकेट देखने को मिली। गौतम गंभीर ने बतौर कोच भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जैसा बड़ा खिताब जिताया। टीम में शानदार संतुलन दिखाई दिया, लेकिन अब गौतम गंभीर के भविष्य को लेकर बातें शुरू हो चुकी हैं।
जानकारी दें कि ऑस्ट्रेलिया के साथ खेली गई बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के बाद गौतम गंभीर की कोचिंग स्टाइल पर बड़े सवाल खड़े हुए थे। हालांकि, एक रिपोर्ट में सामने आया था कि चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अगर भारतीय टीम खिताब नहीं जीतती है तो गौतम गंभीर कोचिंग से इस्तीफा दे देंगे। लेकिन भारतीय टीम ने ट्रॉफी जीती और गौतम गंभीर ने हेड कोच के तौर पर अपना कार्यकाल जारी रखा।
क्यों अश्विन को बताया सबसे मजबूत दावेदार?
हाल ही में भारतीय खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा ने हेड कोच के फ्यूचर उम्मीदवार को लेकर बात की। दरअसल, उन्होंने बताया कि गौतम गंभीर के बाद भारत का अगला कोच कौन बन सकता है। चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को टीम इंडिया का फ्यूचर कोच कहा जा सकता है। पुजारा ने अश्विन को कोच के लिए सबसे फिट उम्मीदवार बताया। उन्होंने कहा कि अश्विन की क्रिकेट को लेकर गहरी समझ और खेल की जटिलताओं को समझने की क्षमता कोच के लिए परफेक्ट उदाहरण है। उनकी क्रिकेट को लेकर अलग समझ उन्हें कोचिंग के लिए एक मजबूत दावेदार बनाती है। बता दें कि रविचंद्रन अश्विन आए दिन अपने यूट्यूब चैनल पर क्रिकेट को लेकर बातें करते हैं। वह अपने आप को क्रिकेट से दूर नहीं रख पाते हैं। ऐसे में उन्हें दिग्गज क्रिकेटरों की लिस्ट में गिना जाता है।
भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे
रविचंद्रन अश्विन के करियर पर नजर डाली जाए तो वह भारत के दूसरे सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं। अनिल कुंबले ने टेस्ट क्रिकेट में 619 विकेट लेकर भारत के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में अपना करियर खत्म किया था, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में 537 विकेट अपने नाम किए हैं। वह इस फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज हैं। उन्होंने अपने करियर का अंत सभी फॉर्मेट में कुल 765 विकेट के साथ किया। ऐसे में यह दिखाता है कि रविचंद्रन अश्विन बड़े दिग्गजों की लिस्ट में शामिल हैं। हालांकि, अब देखना होगा कि क्या रविचंद्रन अश्विन भारत के लिए अगले कोच के उम्मीदवार बन सकते हैं या नहीं।
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

