RCB की ब्रांड वैल्यू ने बनाया नया रिकॉर्ड, 300 मिलियन डॉलर क्लब में पहुंचने वाली पहली क्रिकेट टीम बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

RCB की ब्रांड वैल्यू ने क्रिकेट कारोबार में नया इतिहास रच दिया है। दरअसल लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 312 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ दुनिया की पहली क्रिकेट फ्रेंचाइजी बन गई है।
RCB की ब्रांड वैल्यू ने बनाया नया रिकॉर्ड, 300 मिलियन डॉलर क्लब में पहुंचने वाली पहली क्रिकेट टीम बनी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने अब सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि बिजनेस की दुनिया में भी नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। दरअसल 2026 की ब्रांड वैल्यू रिपोर्ट के मुताबिक RCB 300 मिलियन डॉलर से ज्यादा ब्रांड वैल्यू हासिल करने वाली पहली क्रिकेट टीम बन गई है। लगातार दो आईपीएल खिताब जीतने के बाद टीम की लोकप्रियता, स्पॉन्सरशिप और फैन बेस में जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली है।

दरअसल RCB की ताजा ब्रांड वैल्यू 312 मिलियन डॉलर आंकी गई है, जो पिछले साल के 269 मिलियन डॉलर के मुकाबले करीब 16 फीसदी ज्यादा है। यह बढ़ोतरी केवल ट्रॉफी जीतने का असर नहीं है, बल्कि टीम की मजबूत मार्केटिंग, डिजिटल मौजूदगी, ग्लोबल फैन फॉलोइंग और लगातार बेहतर प्रदर्शन का भी नतीजा मानी जा रही है। इसी उपलब्धि के साथ RCB लगातार दूसरे साल सबसे मूल्यवान आईपीएल फ्रेंचाइजी बनी हुई है। यह उपलब्धि बताती है कि अब क्रिकेट फ्रेंचाइजी सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि बड़े वैश्विक ब्रांड के रूप में अपनी पहचान बना चुकी हैं।

RCB Brand Value के पीछे क्या हैं सफलता के बड़े कारण?

वहीं किसी भी स्पोर्ट्स टीम की ब्रांड वैल्यू केवल उसके मैच जीतने से तय नहीं होती। इसमें स्पॉन्सरशिप, मर्चेंडाइज बिक्री, डिजिटल एंगेजमेंट, सोशल मीडिया पहुंच, टिकट बिक्री और फैन लॉयल्टी जैसी कई चीजें अहम भूमिका निभाती हैं। RCB ने पिछले दो सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार आईपीएल ट्रॉफी जीती, जिससे टीम की व्यावसायिक साख भी तेजी से बढ़ी।

ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट के अनुसार, RCB ने 312 मिलियन डॉलर की वैल्यू के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। दूसरे स्थान पर मुंबई इंडियंस 264 मिलियन डॉलर के साथ मौजूद है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स 245 मिलियन डॉलर और चेन्नई सुपर किंग्स 244 मिलियन डॉलर के साथ क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत टीम संस्कृति, लगातार अच्छा प्रदर्शन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय मौजूदगी ने RCB को बाकी फ्रेंचाइजियों से आगे पहुंचाया है। यही वजह है कि निवेशकों और बड़े ब्रांड्स का भरोसा भी टीम पर लगातार बढ़ रहा है।

डिजिटल दर्शकों ने बदली तस्वीर

दरअसल RCB की सफलता के साथ-साथ इंडियन प्रीमियर लीग का कारोबार भी लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। Houlihan Lokey की 2026 रिपोर्ट के मुताबिक IPL की कुल बिजनेस एंटरप्राइज वैल्यू अब 20.6 अरब डॉलर तक पहुंच गई है, जो पिछले साल के मुकाबले 11.4 प्रतिशत अधिक है। वहीं IPL की स्टैंड-अलोन ब्रांड वैल्यू भी बढ़कर 4.3 अरब डॉलर हो गई है। पिछले तीन वर्षों में लीग की कुल ब्रांड वैल्यू में 1.1 अरब डॉलर की वृद्धि दर्ज की गई है।

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी IPL का प्रभाव लगातार मजबूत हो रहा है। 2026 सीजन के दौरान जियोहॉटस्टार पर टूर्नामेंट की पहुंच 1.06 अरब स्क्रीन तक रही, जिससे कुल डिजिटल व्यूअरशिप में 7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। दूसरी ओर पारंपरिक टीवी दर्शकों की संख्या में गिरावट दर्ज की गई, जो यह संकेत देती है कि दर्शक तेजी से मोबाइल और ऑनलाइन स्ट्रीमिंग की ओर बढ़ रहे हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews