ऋषभ पंत क्या दूसरे दिन करेंगे बल्लेबाजी? चोट को लेकर बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने दी बड़ी जानकारी

भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत को हाथ पर चोट लगने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा। वहीं इसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे थे। हालांकि भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने स्थिति को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
ऋषभ पंत क्या दूसरे दिन करेंगे बल्लेबाजी? चोट को लेकर बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने दी बड़ी जानकारी

कोलंबो टेस्ट के पहले दिन भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। लाहिरू कुमारा की गेंद उनके हाथ पर लगी, जिसके बाद फिजियो ने मैदान पर जांच की, लेकिन दर्द ज्यादा होने के कारण उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। मैच के बाद बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने पुष्टि की कि पंत अगले दिन बल्लेबाजी करेंगे।

दरअसल भारत और श्रीलंका के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन भारतीय टीम मजबूत स्थिति में नजर आई, लेकिन ऋषभ पंत की चोट ने कुछ देर के लिए चिंता बढ़ा दी। पंत जब बल्लेबाजी कर रहे थे, तब श्रीलंका के तेज गेंदबाज लाहिरू कुमारा की गेंद उनके हाथ पर लगी। गेंद लगते ही वह दर्द में दिखाई दिए और तुरंत फिजियो मैदान पर पहुंचे। शुरुआती इलाज के बाद भी असहज महसूस होने पर पंत को रिटायर्ड हर्ट होकर ड्रेसिंग रूम लौटना पड़ा।

ऋषभ पंत की चोट पर टीम इंडिया ने क्या कहा?

मैच खत्म होने के बाद भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने मीडिया से बातचीत में पंत की फिटनेस पर अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऋषभ पंत दूसरे दिन बल्लेबाजी के लिए तैयार रहेंगे। इससे यह साफ हो गया कि टीम को उनकी उपलब्धता को लेकर फिलहाल कोई बड़ी चिंता नहीं है। हालांकि कोच ने चोट की गंभीरता को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी। दूसरी ओर बीसीसीआई की तरफ से भी अभी तक कोई अलग मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। ऐसे में फिलहाल टीम की आधिकारिक स्थिति यही है कि पंत अगले दिन बल्लेबाजी के लिए उपलब्ध रहेंगे। पहले दिन वह सिर्फ 3 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए थे। उनकी मौजूदगी भारत की पारी के लिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि वह मध्यक्रम में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं।

पहले दिन भारत का प्रदर्शन कैसा रहा?

दरअसल कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी और दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 300 रन बना लिए। पहले दिन सबसे बड़ी पारी देवदत्त पडिक्कल ने खेली। उन्होंने 193 गेंदों में 117 रन बनाए और लगातार दूसरे टेस्ट में शतक लगाने का कारनामा किया। कप्तान शुभमन गिल ने 50 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 45 रन बनाए। रवींद्र जडेजा ने भी 43 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में योगदान दिया। केएल राहुल 18 रन बनाकर आउट हुए। दिन के अंत तक ध्रुव जुरेल 7 रन और सारांश जैन 4 रन बनाकर नाबाद लौटे।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews