संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा को दी शादी करने की सलाह, खुद बताई साथी खिलाड़ियों की जलन की वजह

टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद संजू सैमसन ने मजाकिया अंदाज में अभिषेक शर्मा को शादी करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि कैसे अभिषेक की बढ़ती लोकप्रियता के कारण दूसरे खिलाड़ी उनसे 'जेलस' हो जाते थे।
संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा को दी शादी करने की सलाह, खुद बताई साथी खिलाड़ियों की जलन की वजह

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के नायकों में शामिल संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में एक कार्यक्रम में, सैमसन ने अपने युवा साथी अभिषेक की लोकप्रियता पर मजाकिया अंदाज में चुटकी लेते हुए उन्हें जल्द शादी करने की सलाह दे डाली।

इंडिया टुडे कॉन्क्लेव में बातचीत के दौरान, सैमसन ने उस वाकये का जिक्र किया जब टीम के अन्य खिलाड़ी अभिषेक से थोड़ी जलन महसूस करने लगे थे। उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट के दौरान हर जगह सिर्फ ‘अभिषेक-अभिषेक’ के नारे गूंजते थे, जिसे देखकर बाकी खिलाड़ी सोचते थे कि क्या फैंस को सिर्फ वही नजर आते हैं।

‘शादी कर लो ताकि दूसरों को भी मिले लाइमलाइट’

सैमसन ने हंसी-मजाक के माहौल को आगे बढ़ाते हुए अभिषेक की टांग खिंचाई की। उन्होंने कहा, “अभिषेक को शादी कर लेनी चाहिए ताकि दूसरे खिलाड़ियों को भी थोड़ी लाइमलाइट मिल सके।” इस मजाकिया सलाह पर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।

गौरतलब है कि टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में जहां अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों पर 52 रनों की तूफानी पारी खेलकर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी, वहीं संजू सैमसन ने 89 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली थी। सैमसन को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया था। उन्होंने 5 पारियों में कुल 321 रन बनाए थे।

युवराज सिंह को दिया सफलता का श्रेय

इस मौके पर अभिषेक शर्मा ने अपनी सफलता का राज भी खोला। उन्होंने इसका श्रेय पूर्व भारतीय दिग्गज युवराज सिंह को दिया। अभिषेक ने बताया कि वह पिछले दो सालों से युवराज द्वारा बताए गए प्रोसेस को फॉलो कर रहे हैं और उनसे लगातार टिप्स लेते रहते हैं।

“युवराज सिंह ने सिखाया है कि उन चीजों की चिंता मत करो, जो तुम्हारे हाथ में नहीं है। मेरा काम बस प्रदर्शन से टीम को जिताना है।” — अभिषेक शर्मा

टी20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बन चुके अभिषेक शर्मा ने यह भी साफ किया कि उनका लक्ष्य सिर्फ एक फॉर्मेट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलना चाहते हैं।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews