क्रिकेटर स्मृति मंधाना बनेगी इंदौर की बहू, इस फिल्म डायरेक्टर से होने वाली है शादी! पढ़ें खबर

भारतीय क्रिकेट टीम की स्टार प्लेयर स्मृति मंधाना इंदौर की बहू बनने जा रही हैं। पलाश मुछाल और स्मृति मंधाना जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। इसका ऐलान पलाश मुछाल की ओर से किया गया है, हालांकि अभी शादी की तारीख जारी नहीं की गई है।
क्रिकेटर स्मृति मंधाना बनेगी इंदौर की बहु, इस फिल्म डायरेक्टर से होने वाली है शादी! पढ़ें खबर

19 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 का मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला भारत और इंग्लैंड की टीम के बीच होगा। दोनों टीमें इंदौर पहुंच चुकी हैं और इस मुकाबले से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी स्मृति मंधाना को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि स्मृति मंधाना अब शादी करने जा रही हैं। उनकी शादी इंदौर के पलाश मुछाल से होने वाली है। दरअसल, इसका खुलासा खुद पलाश मुछाल ने किया है। पलाश ने कहा कि स्मृति जल्द ही इंदौर की बहू बनेगी, इंदौर मेरे अंदर बसता है।

बता दें कि पलाश मुछाल फिल्म डायरेक्टर हैं। उन्होंने इस दौरान यह भी बताया कि उनकी वर्षों से इच्छा रही है कि वह पूरी फिल्म इंदौर में शूट करें ताकि इंदौर शहर की खूबसूरती और स्थान बड़े पर्दे पर दिखाई जा सकें। लंबे समय से पलाश मुछाल और स्मृति मंधाना रिलेशनशिप में हैं, इसका खुलासा वे पहले ही कर चुके हैं।

इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेला जाएगा मैच

आईसीसी विमेंस वनडे वर्ल्ड कप 2025 के तहत भारत और इंग्लैंड के बीच 19 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में पलाश मुछाल भी टीम का मनोबल बढ़ाने पहुंचेंगे। जानकारी दें कि आईसीसी विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है। भारत ने अब तक कुल चार मुकाबले खेले हैं, जिनमें से दो मुकाबले जीते हैं और दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। भारत को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार मिली थी। हालांकि भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचने की दौड़ में अभी भी बनी हुई है। भारतीय टीम का नेट रन रेट शानदार है, जिसके चलते वह सेमीफाइनल खेलने की प्रबल दावेदार है।

नई फिल्म ‘राजू बैंडवाला’ के डायरेक्शन में लगे हैं पलाश मुछाल

वहीं, पलाश मुछाल इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘राजू बैंडवाला’ के डायरेक्शन में लगे हैं। इस फिल्म में बैंड बजाने वालों के जीवन संघर्ष और भावनाओं को दिखाया जा रहा है। बता दें कि फिल्म में ‘पंचायत’ फेम चंदन रॉय मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं, जबकि अभिनव गौर को लीड एक्ट्रेस के रूप में चुना गया है। हालांकि पलाश मुछाल और स्मृति मंधाना की ओर से शादी की तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही दोनों शादी के बंधन में बंध सकते हैं।

स्मृति मंधाना का करियर रहा है शानदार

स्मृति मंधाना ने क्रिकेट की दुनिया में बड़ी कामयाबी हासिल की है। वह तीन बार क्रिकेटर ऑफ द ईयर बन चुकी हैं। स्मृति मंधाना ने साल 2018, 2021 और 2022 में क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड अपने नाम किया था, जबकि 2025 में उन्हें बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर से बीसीसीआई की ओर से नवाजा गया था। 2019 में स्मृति मंधाना को अर्जुन अवॉर्ड भी दिया गया था। 18 जुलाई 1996 को जन्मी स्मृति मंधाना ने मात्र 9 साल की उम्र में महाराष्ट्र की अंडर-15 टीम में सेलेक्ट होने की उपलब्धि हासिल की थी।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews