Hindi News

वैभव सूर्यवंशी का रोबोटिक अवतार, आसमान से सीधा पिच पर उतरकर लगाया शानदार शॉट

Written by:Rishabh Namdev
Published:
एक बार फिर भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए सितारे वैभव सूर्यवंशी का नाम चर्चा में है। दरअसल हाल ही में वैभव सूर्यवंशी ने एक स्टोरी शेयर की है जिसमें वह आसमान से क्रिकेट की पिच पर उतरते हुए दिखाई दे रहे हैं और सीधे करारा शॉट लगाते हुए नजर आ रहे हैं।
वैभव सूर्यवंशी का रोबोटिक अवतार, आसमान से सीधा पिच पर उतरकर लगाया शानदार शॉट

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में शानदार शतक जड़कर हर एक दिग्गज को हैरान कर दिया था। बच्चे-बच्चे की जुबान पर वैभव सूर्यवंशी का नाम रहा। आईपीएल 2025 में मात्र 14 वर्ष के खिलाड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने आईपीएल के इतिहास में बतौर भारतीय खिलाड़ी सबसे तेज शतक जमाया। उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई सीरीज में भी उनका बल्ला जमकर बोला। वह लंबे-लंबे छक्के लगाने के लिए मशहूर हो गए।

वहीं इस समय वैभव सूर्यवंशी ऑस्ट्रेलिया में हैं। दरअसल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत अंडर-19 टीम वनडे सीरीज खेलने वाली है। इस वनडे सीरीज के लिए वैभव सूर्यवंशी ऑस्ट्रेलिया पहुंचे हैं। इसी दौरान उनका एक वीडियो भी सामने आया जिसमें वह अपना विस्फोटक अंदाज दिखा रहे हैं।\

21 सितंबर से शुरू होगी वनडे सीरीज

हालांकि जो वीडियो वैभव सूर्यवंशी का सामने आया है, वह ऑस्ट्रेलिया का नहीं है। बता दें कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच वनडे मैच की सीरीज खेली जाएगी जिसकी शुरुआत 21 सितंबर से होगी। वहीं सामने आए वीडियो में वैभव सूर्यवंशी आसमान से सीधे पिच पर उतरते दिख रहे हैं और अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी दिखा रहे हैं। इस वीडियो को राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी ने शेयर किया है। हालांकि वैभव सूर्यवंशी ने भी खुद अपनी इंस्टा स्टोरी में इसे लगाया है। वैभव सूर्यवंशी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों को यह वीडियो बेहद पसंद आ रहा है।

क्यों इतना वायरल हो रहा वीडियो?

दरअसल इस वीडियो की चर्चा इसलिए भी ज्यादा हो रही है कि इसमें वैभव सूर्यवंशी को विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में दिखाया गया है। इस एनिमेटेड वीडियो में वैभव सूर्यवंशी सीधे आसमान से पिच पर उतरते हैं और बॉक्स से बाहर आते हुए उनका रोबोटिक लुक नजर आता है। इसके बाद उनके सही रंग-रूप में तेवर नजर आते हैं जिसके लिए वह जाने जाते हैं और एक करारा शॉट लगाते हैं।

कैसा रहा इंटरनेशनल प्रदर्शन?

वैभव सूर्यवंशी का यह पहला ऑस्ट्रेलिया दौरा होने वाला है। इस दौरे से पहले उनकी चर्चा तेज हो गई है। पिछले कुछ समय में उन्होंने खूब रन बरसाए हैं। ऐसे में अब सभी की नजरें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली इस वनडे सीरीज पर टिकी हुई हैं। इससे पहले उन्होंने भारत की अंडर-19 टीम के लिए खेलते हुए चार टीमों का सामना किया है जिनमें इंग्लैंड, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमें शामिल हैं। इन टीमों के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने आठ मुकाबलों में 54 की औसत से 432 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शानदार शतक भी निकला है।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev
Follow Us :GoogleNews