
विराट कोहली दुनिया के सबसे महान बल्लेबाजों में से एक गिने जाते हैं। टेस्ट, वनडे या T20 तीनों ही फॉर्मेट में विराट कोहली ने बड़े-बड़े रिकॉर्ड बनाए हैं। भारत में सचिन तेंदुलकर के बाद सबसे महान बल्लेबाज के रूप में विराट कोहली का नाम आता है। उन्होंने 2011 के वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में अहम पारी खेली, वर्ल्ड कप में शतक जमाया और भारत को कई अहम मौकों पर मैच जिताए हैं। पाकिस्तान से जितनी बार मुकाबले हुए, विराट कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया।
विराट कोहली ने न सिर्फ बल्लेबाजी में कमाल किया बल्कि फील्डिंग और कप्तानी में भी लाजवाब काम किया। विराट कोहली को आज भी टेस्ट का सबसे मजबूत कप्तान माना जाता है। उन्होंने भारत को विदेशी सरजमीं पर भी जीत दिलाई और ऑस्ट्रेलिया जैसे बड़े देश में टेस्ट सीरीज जिताई। ऐसे में विराट कोहली को भारत का सबसे सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज और खिलाड़ी मानना कोई गलत बात नहीं है।
RCB ने हाल ही में जीता था खिताब
विराट कोहली की फैन फॉलोइंग दुनिया भर में है। आईपीएल में हाल ही में विराट कोहली की टीम ने 18 साल बाद अपना पहला खिताब जीता। इसके बाद फैंस का सैलाब उमड़ पड़ा। जैसे ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने खिताब जीता, यह माना गया कि विराट कोहली ने अब सब कुछ हासिल कर लिया है। विराट कोहली का निजी जीवन भी काफी उतार-चढ़ाव से भरा रहा। रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में पिता के निधन के बाद भी विराट कोहली ने आकर बल्लेबाजी की और शतक जमाया। ऐसे में विराट कोहली की कहानी को लेकर हमेशा यह कहा जाता रहा है कि विराट कोहली पर फिल्म बननी चाहिए। उनकी बायोपिक की मांग कई बार की गई है।
क्यों छिड़ी बायोपिक को लेकर चर्चा?
वहीं, अब हाल ही में विराट कोहली की बायोपिक को लेकर टीवी एक्टर गुरमीत चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। दरअसल, गुरमीत चौधरी से जब इस बारे में पूछा गया कि अगर विराट कोहली की बायोपिक बनती है तो क्या वह उसमें उनका किरदार निभाना चाहेंगे, तो इसे लेकर गुरमीत चौधरी का कहना है कि अगर विराट कोहली पर कोई भी बायोपिक बनती है और उसमें मुझे मौका मिलता है तो मैं इसे जरूर करना चाहूंगा। लेकिन मुझे यह भी लगता है कि विराट कोहली का किरदार विराट कोहली के अलावा और कोई नहीं निभा सकता क्योंकि वह एक बेहतरीन अभिनेता हैं और दिखने में भी बहुत अच्छे हैं। आज पूरी दुनिया में विराट कोहली के फैन हैं, अगर उनकी फिल्म बनती है तो ओपनिंग ही 200–300 करोड़ रुपए की होगी।
हालांकि अब तक विराट कोहली की बायोपिक को लेकर किसी भी डायरेक्टर ने आधिकारिक तौर पर यह नहीं कहा है कि वह इस फिल्म को बनाएंगे। लेकिन यह जताया जा रहा है कि विराट कोहली की फैन फॉलोइंग को देखते हुए अब जल्द ही उन पर बायोपिक बनाई जा सकती है। देखना होगा कि यह बायोपिक कौन बनाता है और कितनी सफलता इस बायोपिक को मिलती है। क्या विराट कोहली की तरह ही यह बायोपिक भी दुनिया भर में धमाल मचाएगी?
4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

