WTC 2025 जीतने वाली टीम को मिलेंगे इतने रुपए, जानिए बाकी टीमों को कितनी रकम मिलेगी?

आईसीसी की ओर से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के विजेता और उपविजेता के लिए राशि का ऐलान कर दिया गया है। इस सीजन प्राइज मनी को लगभग दोगुना कर दिया गया है। चलिए जानते हैं अब टीमों को कितनी पुरस्कार राशि दी जाएगी।
WTC 2025 जीतने वाली टीम को मिलेंगे इतने रुपए, जानिए बाकी टीमों को कितनी रकम मिलेगी?

11 जून से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर होगा। वहीं अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने डब्ल्यूटीसी 2025 की राशि का ऐलान कर दिया है। अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के विजेता को 30.79 करोड़ रुपए दिए जाएंगे, वहीं हारने वाली टीम को 18.47 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। जानकारी के लिए बता दें कि इस सीजन आईसीसी की ओर से पुरस्कार राशि को बढ़ाया गया है। पिछले चक्र में विजेता टीम को 17.96 करोड़ रुपए की राशि दी गई थी।

पिछली बार न्यूजीलैंड को 2021 में और ऑस्ट्रेलिया को 2023 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप जीतने पर 17.96 करोड़ रुपए मिले थे, जबकि उपविजेता को 6.84 करोड़ रुपए दिए गए थे। हालांकि इस सीजन इस राशि को लगभग दोगुना कर दिया गया है।

इन टीमों को भी मिलेंगे इतने रुपए

इतना ही नहीं, आईसीसी की ओर से वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में हिस्सा लेने वाली बाकी टीमों को भी प्राइज मनी दी जाएगी। नौवें स्थान पर रहने वाली पाकिस्तान को 4.10 करोड़ रुपए मिलेंगे, जबकि तीसरे नंबर पर रही भारत की टीम को 12.32 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। चौथे स्थान पर न्यूजीलैंड की टीम रही है, जिसे 10.26 करोड़ रुपए की राशि मिलेगी। वहीं, पांचवें स्थान पर इंग्लैंड की टीम है, जिसे 8.21 करोड़, छठे पर श्रीलंका को 7.19 करोड़, सातवें पर बांग्लादेश को 6.16 करोड़, और आठवें स्थान पर वेस्टइंडीज को 5.13 करोड़ रुपए मिलेंगे।

दो सीरीज हारने से भारत नहीं पहुंचा फाइनल में

ऑस्ट्रेलिया ने भारत को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाई थी। भारतीय टीम पहली बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही, जिसके चलते अब अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह फाइनल मुकाबला 11 जून से 15 जून के बीच खेला जाएगा। साउथ अफ्रीका की टीम ने 69.44 प्रतिशत अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर रहकर फाइनल में जगह बनाई है। हालांकि इस नई साइकिल के अधिकांश समय भारतीय टीम ही टॉप पर रही, लेकिन अंत में भारत 50.00 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रही। भारत को ऑस्ट्रेलिया के अलावा न्यूजीलैंड से भी घरेलू टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा, जिसके कारण भारत फाइनल में प्रवेश नहीं कर पाया।

Rishabh Namdev
लेखक के बारे में
Rishabh Namdev

4 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

मैं ऋषभ नामदेव खेल से लेकर राजनीति तक हर तरह की खबर लिखने में सक्षम हूं। मैं जर्नलिज्म की फील्ड में पिछले 4 साल से काम कर रहा हूं। View all posts by Rishabh Namdev →
Follow Us :GoogleNews