महाकाल लोक की तरह भव्य होगा यूनिटी मॉल का फ्रंट, एक ही जगह मिलेंगे देशभर के प्रोडक्ट

Unity Mall

Unity Mall Ujjain: उज्जैन में जल्द ही करोड़ों रुपए की लागत से 3.20 हेक्टेयर जमीन पर यूनिटी मॉल का निर्माण किया जाने वाला है। इसके लिए केंद्र सरकार द्वारा 284 करोड़ के डीपीआर की मंजूरी मिल गई है। यह प्रदेश का पहले यूनिटी मॉल होने वाला है। इसके चलते इसके विस्तार में भव्यता और आधुनिकरण लाने के पूरे प्रयास किए जाएंगे।

केंद्र सरकार द्वारा सभी राज्यों में एक एक यूनिटी मॉल बनाया जाना प्रस्तावित है। मध्य प्रदेश के उज्जैन के इंदौर रोड पर होटल इंपिरियल के पास इसका निर्माण किया जाने वाला है। आधुनिक सुविधाओं से भरपूर इस मॉल में प्रदेश के सभी जिलों के प्रोडक्ट एक ही जगह पर उपलब्ध होंगे और अन्य राज्यों का सामान भी यहां पर उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा बच्चों के लिए प्ले जोन और दो मल्टीप्लेक्स का निर्माण भी होगा।

जिले के उत्पादों को प्राथमिकता

आत्मनिर्भर भारत योजना को ध्यान में रखते हुए वन जिला वन प्रोडक्ट योजना को गति देते हुए केंद्र सरकार द्वारा जिले के स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देना यूनिटी मॉल को बनाए जाने का मुख्य उद्देश्य है। उज्जैन में यूडीए की ओर से इसका निर्माण किया जाएगा।

स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जा सके इसके लिए मध्य प्रदेश के सभी जिलों को निशुल्क स्थान आवंटित किया जाएगा। इसके अलावा दूसरे राज्यों को भी निशुल्क जगह दी जाएगी। यहां आने वाले पर्यटक और स्थानीय निवासी लोकल चीजों को पास से देख और खरीद सकेंगे। इस यूनिटी मॉल का फ्रंट एरिया महाकाल लोक की तरह भव्य बनाए जाने की तैयारी की जा रही है।

मिलेगी ये सुविधाएं

मॉल का निर्माण उज्जैन की संस्कृति और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए किया जाने वाला है। जिस तरह से महाकाल लोक को भव्यता दी गई है, ठीक उसी तरह से मॉल के फ्रंट एलिवेशन को भी तैयार किया जाएगा।

मॉल के बेसमेंट में पार्किंग व्यवस्था की जाएगी, जहां पर 450 वाहनों को पार्क किया जा सकेगा। इसके अलावा ग्रह नक्षत्र के आधार पर पौधे लगाए जाएंगे और यह पूरा एरिया अनुभूति गार्डन के नाम से पहचाना जाएगा।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए यहां पर पांच मंजिला कन्वेंशन सेंटर तैयार होगा, जिसमें रुकने के लिए कमरे भी निर्मित होंगे। यहां लगभग 45 कमरे तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।

मध्य प्रदेश के सभी जिले को जगह देने के साथ यहां पर देश के सभी राज्यों को भी स्थान दिया जाएगा। हर मंजिल पर 12-12 राज्यों को जगह मिलेगी।

यहां पर फूड जोन, गेम जोन, खरीदी के लिए कमर्शियल दुकाने, मध्य प्रदेश की संस्कृति और इतिहास से जुड़ी चीजों का प्रदर्शन, दो मल्टीप्लेक्स समेत कई तरह की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी।

मॉल पूरी तरह से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और यहां हर वह सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी जो आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेगी।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews