
Ujjain News: उज्जैन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एमआर 5 मार्ग पर बनी कॉलोनी में कुछ लोग बिजली कंपनी की टीम के अधिकारी बनकर आए। यह लोग कॉलोनी में बने घरों में घुसे जहां पर महिलाएं अकेली थी। रहवासियों ने जब इनका विरोध किया तो यह वापस वाहन में सवार होकर चले गए।
यह मामला गुलमोहर कॉलोनी का है जहां पर बोलेरो गाड़ी में सवार होकर चार-पांच लोग पहुंचे और खुद को बिजली कंपनी की विजिलेंस टीम बताते हुए जांच के नाम पर घर में घुस गए। रहवासियों ने जब उनसे अचानक से इस तरह घर में घुसकर जांच करने का कारण पूछा उन लोगों का कहना था कि हम तो ऐसे ही जांच करते हैं। परेशान रहवासियों ने इस बात की शिकायत दर्ज करवाई है और उनका कहना है कि इस तरह से हम कैसे भरोसा कर लें कि ये बिजली कंपनी से आए हुए लोग ही हैं। ऐसे में अगर कोई अपराधिक घटना हो जाती है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा। घर में घुसने वाले लोग सीसीटीवी कैमरा में कैद हो गए हैं और चिमनगंज थाना पुलिस ने लिखित शिकायत दर्ज कर ली है।
इस कॉलोनी में 15 से 20 परिवार निवास करते हैं जिनका कहना है कि पुलिस को यह जांच करनी चाहिए कि आए हुए लोग बिजली कंपनी के थे या नहीं। इस तरह से बिना नोटिस के महिलाओं के घर में अकेले रहने के समय में लोगों का अंदर घुसना बिल्कुल भी ठीक नहीं है। रहवासियों ने लिखित शिकायत दर्ज करवाने के साथ पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाए हैं। मामले के बाद विजिलेंस के कार्यपालन यंत्री का मोबाइल नंबर बंद आ रहा था। वहीं कंपनी के कंपनी के अन्य अधिकारियों का कहना है कि चेकिंग तो अचानक ही की जाती है, सूचना दे देंगे तो बिजली चोरी का पता नहीं चल पाएगा।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

