
Mahakaleshwar Temple: उज्जैन (Ujjain) के महाकालेश्वर मंदिर में लगातार दर्शनार्थियों का हंगामा देखा जा रहा है। किसी ना किसी बात पर यहां रोज विवाद की स्थिति बनती देखी जा रही है। जिसके बाद अब यह आदेश जारी कर दिया गया है कि 15 सौ रुपए का टिकट लेकर जो दर्शनार्थी गर्भगृह में दर्शन के लिए प्रवेश करते हैं, वह यहां अपने साथ मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे। कलेक्टर आशीष सिंह ने आदेश देते हुए तुरंत ही इसका पालन किए जाने के निर्देश दे दिए हैं।
अक्सर यह देखने में आता था कि दर्शन करने आने वाले श्रद्धालु यहां फोटोग्राफी करने लगते हैं जिस वजह से अन्य श्रद्धालुओं को दर्शन करने के लिए इंतजार करना पड़ता है। इस वजह से बार-बार हंगामे की स्थिति बन रही थी। यही कारण है कि श्रद्धालुओं द्वारा गर्भगृह में फोटोग्राफी किए जाने को प्रतिबंधित कर दिया गया है। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा है कि सिर्फ गर्भगृह में फोटोग्राफी नहीं की जा सकती, मंदिर परिसर में मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित नहीं किया गया है।
कांग्रेस ने उठाए सवाल
इधर कलेक्टर द्वारा आदेश दिए जाने के बाद सियासत भी गरमा गई है। राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा के चलते उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के लिए पहुंचेंगे। उससे ठीक पहले आदेश जारी करने की बात पर कांग्रेसियों का कहना है कि यह गलत मानसिकता है। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी के दरबार में दर्शन करने आने के चलते यह फैसला लिया गया है। कांग्रेस ने इस पर कई तरह के सवाल भी उठाए हैं। जबकि कलेक्टर ने कहा है कि गर्भगृह में फोटोग्राफी नहीं करनी है, चांदी द्वार से पूर्व की तरह फोटोग्राफी की जा सकती है।
10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

