उज्जैन में दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, 3 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था

उज्जैन में 17 और 18 सितंबर को वीआईपी दौरे देखने को मिलने वाले हैं। आज होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनता शामिल होगी।
Ujjain

उज्जैन में 17 सितंबर को भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में ये भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन द्वारा पहले से ही सारी तैयारियां की जा चुकी है। लगभग 25 लाख दीपों को जलाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया जा सके।

इस भव्य आयोजन का हिस्सा बनने के लिए कई बड़े और वीआईपी चेहरे 17 और 18 सितंबर को उज्जैन में रहने वाले हैं। इसे लेकर प्रशासन अलर्ट नजर आ रहा है और जगह-जगह चेकिंग पॉइंट बना दिए गए। 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। इनमें से 2000 अतिरिक्त जवानों को पुलिस मुख्यालय से ड्यूटी के लिए भेजा गया है।

पीएम मोदी का जन्मदिन आज

आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन है। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश भर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सभी जगह दीपोत्सव कार्यक्रम रखे गए हैं। इसी कड़ी में उज्जैन में भी मुख्यमंत्री मोहन यादव और संघ प्रमुख मोहन भागवत की मौजूदगी में 25 लाख दीपक जलाए जाने वाले हैं। इस दौरान वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश होगी। उज्जैन प्रशासन और वॉलेंटियर पिछले 2 रिकॉर्ड्स को तोड़ने के लिए मिलकर काम करेंगे।

आने जाने के लिए अलग अलग रास्ते

दीपोत्सव के तहत 25 लाख दीपक जलाए जाने वाले हैं। इस आयोजन का हिस्सा 26000 वॉलिंटियर्स बनने वाले हैं। इसके अलावा आम नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचेंगे। आने वाले लोगों के आंकड़े को देखते हुए आयोजन का पूरा क्षेत्र अलग-अलग सेक्टर में बांट दिया गया है। यहां आने और जाने के रास्ते भी तय कर दिए गए हैं। पास के जरिए इन सेक्टर में प्रवेश मिलेगा।

सुरक्षा को लेकर अलर्ट

उज्जैन में होने वाले इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ मोहन भागवत शामिल होंगे। बड़ी संख्या में लोग भी यहां जुटने वाले हैं। यही वजह है की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जगह-जगह चेकिंग की जा रही है। जो संवेदनशील स्थान हैं, वहां पहले से ही पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया है। चप्पे चप्पे पर पुलिस की नजर रहने वाली है। बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाने वाली है।

ट्रैफिक संभालेंगे 450 जवान

इतने बड़े आयोजन में शामिल होने के लिए जब लोग पहुंचेंगे तो वाहनों की लंबी कतार भी देखने को मिलने वाली है। ऐसे में 450 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए लगाई जाने वाली है। शहर में आने वाले जितने भी मुख्य रास्ते हैं, वहां पार्किंग की जगह देखी जा रही है। अलग-अलग रास्ते से आने वाले लोगों के वाहन यहां पार्क करवाए जाएंगे। जिससे यातायात का दबाव कम किया जा सकेगा।

Diksha Bhanupriy
लेखक के बारे में
Diksha Bhanupriy

10 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में.

"पत्रकारिता का मुख्य काम है, लोकहित की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाना और उस जानकारी को संदर्भ के साथ इस तरह रखना कि हम उसका इस्तेमाल मनुष्य की स्थिति सुधारने में कर सकें।” इसी उद्देश्य के साथ मैं पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रही हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। मैं कॉपी राइटिंग, वेब कॉन्टेंट राइटिंग करना जानती हूं। मेरे पसंदीदा विषय दैनिक अपडेट, मनोरंजन और जीवनशैली समेत अन्य विषयों से संबंधित है। View all posts by Diksha Bhanupriy →
Follow Us :GoogleNews