उज्जैन में साल 2028 में सिंहस्थ का आयोजन किया जाने वाला है। इसे लेकर तैयारियों का दौर लगातार जारी है। अब पूरे शहर को हरा भरा बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए नगर निगम द्वारा इस साल 10 लाख और अगले साल 15 लाख पौधे लगाएगी।
सिंहस्थ से पहले 2 सालों में वृहद स्तर पर पौधारोपण करते हुए लगभग 25 लाख पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान को नगर निगम और नगरीय प्रशासन विभाग संयुक्त रूप से बजट तय कर पूरा करेगा।
शासन स्तर पर उपलब्ध होगा फंड
उज्जैन में फिलहाल चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। चौड़ीकरण के दौरान पेड़ काटने के एवज में नगर निगम को 2 करोड रुपए मिले हैं। जरूरत पड़ने पर शासन स्तर से फंड उपलब्ध करवाया जाएगा।
देखी जा रही जमीन
पौधारोपण के लिए शहर में खाली और अनुपयोगी जमीनों की तलाश की जा रही है। नगर निगम द्वारा विभिन्न स्थानों की सर्वे सूची तैयार की जा रही है। जून से मानसून आते ही पौधारोपण अभियान की शुरुआत कर दी जाएगी। इस बात नगर निगम का काम केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है बल्कि इसकी देखरेख की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी। यह काम किसी ठेकेदार द्वारा करवाया जाएगा। जिसे पौधारोपण के साथ अगले 2 साल तक उनकी सिंचाई और रखरखाव की जिम्मेदारी निभानी होगी।
ये जगह हुई चयनित
नगर निगम के अपर आयुक्त संदीप शिवा द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक पहले चरण में विक्रम यूनिवर्सिटी परिसर, तरण ताल, चकोर पार्क, एमआर 5 रोड सहित 10 स्थलों का चयन किया गया है। शहर के लगभग 400 उद्यानों में खाली पड़ी भूमि का भी उपयोग किया जाएगा। हर जोन में 20 स्थान चिह्नित होंगे। इसमें सड़क के किनारे, चौराहे और निगम की खाली जमीन शामिल है।






