MP News : सीएम शिवराज आज 2.26 लाख युवाओं को देंगे बड़ी सौगात, इस तरह मिलेगा लाभ

MP News : सीएम शिवराज आज 2.26 लाख युवाओं को देंगे बड़ी सौगात, इस तरह मिलेगा लाभ

MP CM Shivraj Singh Chouhan : आगामी चुनाव से पहले मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान का पूरा फोकस युवाओं और रोजगार पर बना हुआ है। आए दिन सीएम रोजगार को लेकर बड़े ऐलान कर रहे है और नई नई योजनाएं शुरू कर रहे है। इसी कड़ी में आज 24 मई को सीएम शिवराज सवा दो लाख युवाओं को स्वरोजगार के लिए 2,114 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध करवाएंगे।

2 लाख युवाओं को 2114 करोड़ का लोन

आज बुधवार को उमरिया में होने वाले राज्य स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम से सीएम शिवराज प्रदेश की 1309 एमएसएमई इकाइयों के उद्यमियों को प्रोत्साहन योजना में सिंगल क्लिक से 271 करोड़ 41 लाख का अनुदान वितरित करेंगे। इसके साथ ही 2 लाख 26 हजार 647 युवाओं को विभिन्न स्व-रोजगार योजना में 2114 करोड़ 48 लाख के लोन उपलब्ध कराने की प्रतीकात्मक शुरूआत करेंगे।

हितग्राहियों को स्वीकृति वितरण पत्र

उमरिया में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ जिला मुख्यालयों में जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम भी होगा। इसमें विभिन्न स्व-रोजगार योजनाओं में लाभान्वित हितग्राही, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना में लाभान्वित इकाइयों के प्रतिनिधियों, उद्योग संघ के पदाधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जायेगा। कार्यक्रम में जन-प्रतिनिधियों के माध्यम से स्व-रोजगार योजनाओं में लाभान्वित हितग्राहियों को स्वीकृति वितरण पत्र दिलवाये जायेंगे।

मुख्यमंत्री चौहान उमरिया से सिंगल क्लिक से लाभान्वित इकाइयों में से किन्हीं दो के प्रतिनिधियों तथा स्व-रोजगार योजना के दो हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद भी करेंगे। एमएसएमई प्रोत्साहन योजना में जिन 1309 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम को अनुदान राशि दी जा रही है उसमें अनुसूचित जाति के उद्यमियों को 73 करोड़ 24 लाख और जनजाति के उद्यमियों को 21 करोड़ 87 लाख रुपए की राशि शामिल है।

हर माह 2 लाख से अधिक युवाओं को स्वरोजगार का प्रयास

उल्लेखनीय है कि गत वित्त वर्ष में संपन्न रोजगार दिवस कार्यक्रमों से 37 लाख 47 हजार 771 युवाओं को विभिन्न योजनाओं में 26 हजार 771 करोड़ से अधिक राशि के लोन से स्व-रोजगार उपलब्ध करवाए गए हैं। मुख्यमंत्री की मंशानुरूप वर्ष 2021 से रोजगार दिवस कार्यक्रम प्रारंभ कर प्रत्येक माह 2 लाख से अधिक युवाओं को स्व-रोजगार उपलब्ध करवाने के सतत प्रयास किए जा रहे हैं। योजना प्रारंभ से अब तक प्रदेश में 44 लाख 27 हजार 355 युवाओं को स्व-रोजगार उपलब्ध करवाया गया है।

Pooja Khodani
लेखक के बारे में
Pooja Khodani

12 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में.

खबर वह होती है जिसे कोई दबाना चाहता है। बाकी सब विज्ञापन है। मकसद तय करना दम की बात है। मायने यह रखता है कि हम क्या छापते हैं और क्या नहीं छापते। (पत्रकारिता में 12 वर्षों से सक्रिय, इलेक्ट्रानिक से लेकर डिजिटल मीडिया तक का अनुभव, सीखने की लालसा के साथ हर खबर पर पैनी नजर) View all posts by Pooja Khodani →
Follow Us :GoogleNews