
MP News : मध्य प्रदेश के उमरिया जिले से एक बड़ी खबर आ रही है। जहाँ करकेली ब्लाक अंतर्गत ग्राम बेलसरा और करही गांव में डायरिया से तीन लोगों की मौत हो गई है। घटना की जानकारी के बाद जिले में हड़कंप की स्थित बन गई है,और स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही खुलकर सामने आ गई है। कलेक्टर के निर्देश पर जिम्मेदार स्वास्थ्य विभाग का अमला और प्रशासनिक अफसरों की टीम ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया। साथ ही कई बीमार लोगों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने लापरवाही बरतने पर स्वास्थ्य विभाग के सेक्टर सुपरवाइजर और एएनएम को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
कलेक्टर के निर्देश पर जिम्मेदार स्वास्थ्य एवं राजस्व अमला गांव में पंहुचा। वहां दोनों गांवों में जाकर डायरिया प्रभावितों से बातचीत की। उनके साथ डॉक्टर्स की टीम भी गांव पहुंची। यहां लोगों ने बताया कि उल्टी-दस्त के बाद दो लोगों की मौत बेलसरा गांव में ही हो गई। वहीं करही गांव के एक व्यक्ति की उल्टी-दस्त के बाद तबीयत बिगड़ने पर सीमावर्ती डिंडौरी जिले के शाहपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में डायरिया से प्रभावित चार मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
कलेक्टर ने सीएमएचओ को संबंधित क्षेत्र के सेक्टर सुपरवाइजर और एएनएम को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य टीम गांवों में लोगों को पानी उबालकर और छानकर पीने की सलाह दे रही है। साथ ही पूरे जिले में प्रभावितों की सूचना तुरंत वरिष्ठ अफसरों को देने के निर्देश दिए गए हैं।
उमरिया से ब्रजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
[dgv_vimeo_video id=”990175711″]
