नवनियुक्त जिला अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम से बड़े नेता गायब, कांग्रेस में फिर सामने आई गुटबाजी

कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद से कई जिलों से विरोध की ख़बरें आ रही है, नेताओं का कहना है कि सर्वे को दरकिनार कर चहेतों को जिले की कमान सौंपी गई है जिसका लाभ पार्टी को नहीं मिलेगा।
Umaria news

उमरिया में कांग्रेस पार्टी की गुटबाजी एक बार आई सामने आई है कांग्रेस के नव नियुक्त जिला अध्यक्ष विजय कोल के प्रथम आगमन पर पार्टी के दिग्गज नेता, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिए, मीडिया ने जब विजय कोल से इसपर सवाल किया तो उन्होंने कहा कोई नाराजगी है तो मिलकर दूर की जाएगी।

उमरिया कांग्रेस की कमान मिलने के बाद नवनियुक्त जिलाध्यक्ष विजय कोल पहली बार उमरिया पहुंचे। जैसे ही वे उमरिया-कटनी सीमा पर पहुंचे, पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के बीच विजय कोल का काफिला जिले की सीमा में प्रवेश किया। समर्थक कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से स्वागत कर शक्ति-प्रदर्शन का प्रयास भी किया।

नए जिला अध्यक्ष के स्वागत में सक्रिय धड़ा गायब 

हालांकि इस स्वागत समारोह में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। पार्टी के दिग्गज नेता और पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ पार्टी का एक बड़ा धड़ा, जो अब तक संगठन में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है, पूरी तरह नदारद दिखाई दिया। नए जिलाध्यक्ष की अगवानी में उनकी अनुपस्थिति ने साफ कर दिया कि जिले में गुटीय राजनीति अभी भी हावी है। कांग्रेस की एकता दिखाने का यह मौका, अंततः विभाजन का संदेश देता नजर आया।

दिग्गज नदारद रहे, चर्चाओं का बाजार गर्म

स्थानीय राजनीतिक गलियारों में इस पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग इसे उस कहावत से जोड़कर देख रहे हैं कि “शादी में दूल्हे के फूफा नाराज़ हो गए”। यानी स्वागत तो भव्य हुआ, लेकिन पार्टी का दूसरा पक्ष खुद को उपेक्षित महसूस करता रहा। विजय कोल ने स्वागत से उत्साहित होकर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे जिले में संगठन को मजबूती देने का काम करेंगे।

कांग्रेस में दिखाई दी गुटबाजी 

उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की असली ताकत कार्यकर्ता हैं और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना उनकी प्राथमिकता होगी। फिर भी, इस आयोजन ने कांग्रेस के भीतर मौजूद मतभेदों को उजागर कर दिया है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि विजय कोल संगठन की इस गुटबाजी को कैसे दूर करते हैं और जिले में कांग्रेस को मजबूती की राह पर ले जाते हैं।

[dgv_vimeo_video id=”1111987494″]

[dgv_vimeo_video id=”1111987679″]

उमरिया से बृजेश श्रीवास्तव की रिपोर्ट 

Atul Saxena
लेखक के बारे में
Atul Saxena

पत्रकारिता में तीन दशक से अधिक का अनुभव.

पत्रकारिता मेरे लिए एक मिशन है, हालाँकि आज की पत्रकारिता ना ब्रह्माण्ड के पहले पत्रकार देवर्षि नारद वाली है और ना ही गणेश शंकर विद्यार्थी वाली, फिर भी मेरा ऐसा मानना है कि यदि खबर को सिर्फ खबर ही रहने दिया जाये तो ये ही सही अर्थों में पत्रकारिता है और मैं इसी मिशन पर पिछले तीन दशकों से ज्यादा समय से लगा हुआ हूँ.... पत्रकारिता के इस भौतिकवादी युग में मेरे जीवन में कई उतार चढ़ाव आये, बहुत सी चुनौतियों का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद भी ना मैं डरा और ना ही अपने रास्ते से हटा ....पत्रकारिता मेरे जीवन का वो हिस्सा है जिसमें सच्ची और सही ख़बरें मेरी पहचान हैं .... View all posts by Atul Saxena →
Follow Us :GoogleNews