उमरिया में भारी बारिश का असर, नदी के तेज बहाव में बहा पुल का हिस्सा, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी, प्रशासन अलर्ट

उमरिया में भारी बारिश की वजह से जनजीवन प्रभावित हो गया है। झिरझिरी नदी के ऊपर बनी पुलिया के कई हिस्से नदी के तेज बहाव में बह गया है। जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
Umaria Heavy Rain

उमरिया: इन दिनों मध्यप्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिल रहा है। कई स्थानों पर बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं जबकि नदी-नाले उफान पर हैं। जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से घरों में रहने और सावधानी बरतने की अपील की है। इसी बीच, तेज बारिश का असर मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में भी देखने को मिल रहा है जहां लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है।

बता दें कि उमरिया जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जिले के नदी-नाले उफान पर हैं। बारिश और तेज जलभराव के कारण कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया है। वहीं, कुछ स्थानों पर पुल-पुलिया क्षतिग्रस्त होकर पानी के तेज बहाव में बह गई हैं। इसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, मानपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरतराई में झिरझिरी नदी के ऊपर प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत हाल ही में बनी पुलिया के कई हिस्से तेज बहाव में बह गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में अचानक बढ़े जलस्तर के कारण स्थिति गंभीर हो गई है और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नदी-नालों को पार करना पड़ रहा है।

भारी बारिश के बीच प्रशासन अलर्ट

लगातार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। प्रशासन ने आपदा प्रबंधन समिति की बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से नदी, नाले और तेज बहाव वाले स्थानों को पार नहीं करने की अपील की गई है। नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

इसके साथ ही प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बारिश के दौरान सावधानी बरतें और नदी-नालों के बढ़े जलस्तर से दूर रहें, ताकि किसी भी तरह की जनहानि को रोका जा सके। फिलहाल जिले में अभी भी बारिश का दौर जारी है।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
Shyam Dwivedi

7 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव.

पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi →
Follow Us :GoogleNews