Hindi News

अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर बोला हमला, कहा- बेसिक सामान्य ज्ञान भी नहीं है तो राज्य कैसे चलाएंगे? जानें पूरा मामला

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी का एक वीडियो शेयर कर निशाना साधा हैं। वीडियो में सीएम योगी कह रहे हैं कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था- "तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा.." इस पर अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उन्हें इतनी बेसिक सामान्य ज्ञान भी नहीं है, तो वे राज्य कैसे चलाएंगे?
अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर बोला हमला, कहा- बेसिक सामान्य ज्ञान भी नहीं है तो राज्य कैसे चलाएंगे? जानें पूरा मामला

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों पश्चिम बंगाल में चुनावी जनसभाएं कर रहे हैं। जहां वे जनता के बीच तृणमूल कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर हमला बोल रहे हैं। इस बीच, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर तंज कसा है। मुख्यमंत्री का यह वीडियो सिर्फ 9 सेकेंड का है।

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी का यह वीडियो बंगाल में कोई चुनावी सभा का है। इस वीडियो में योगी कहते नजर आ रहे हैं कि स्वामी विवेकानंद ने कहा था- “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा..” इसके बाद अखिलेश यादव ने इस वीडियो को लेकर सीएम योगी पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि अब सामान्य ज्ञान का लेवल देखने और सुनने के बाद, यह साफ है कि सीएम योगी प्रतियोगी परीक्षा के खिलाफ क्यों हैं?

अखिलेश ने कहा कि, उत्तर प्रदेश के युवाओं, याद रखो। ये वही लोग हैं जो बेरोजगारों की बेरोजगारी का मजाक उड़ाते थे, यह कहते हुए कि कमी नौकरियों की नहीं, बल्कि युवाओं में काबिलियत की है। वे खुद उन कामों में भी लड़खड़ा जाते हैं जो उनके नाम और रुतबे के हिसाब से होने चाहिए फिर भी वे दूसरों पर नाकाबिलियत का आरोप लगाते हैं।

बेसिक सामान्य ज्ञान भी नहीं है तो राज्य कैसे चलाएंगे?- अखिलेश

सपा प्रमुख ने कहा कि अगर उन्हें इतनी बेसिक सामान्य ज्ञान भी नहीं है, तो वे राज्य कैसे चलाएंगे? और अगर उनके पास ‘ज्ञान’ तो है लेकिन किसी वजह से ‘केंद्र’ की कमी है, तो यह और भी बड़ी गलती है। कम से कम, उन्हें लोगों के बीच में निकलते समय थोड़ा नियंत्रण रखना चाहिए। इससे पूरी दुनिया में यूपी की इमेज को गहरा धक्का लगा है-लोग कह रहे हैं, अगर यूपी की बागडोर ऐसे लोगों के हाथ में है, तो क्या उम्मीद है?

अखिलेश ने आगे कहा कि वैसे, इसका एक कारण यह भी हो सकता है कि उनके ग्रुप के लोग आजादी के आंदोलन का हिस्सा भी नहीं थे, तो ये अंडरग्राउंड रोल-प्लेयर जो सिर्फ एक कान से दूसरे कान तक जानकारी पहुंचाते हैं। आजादी के लड़ाकों का इतिहास कैसे जानते होंगे? वे हमेशा से ऐसे लोग रहे हैं जो जानकारी को एक कान से सुनकर दूसरे कान से निकाल देते हैं।

Shyam Dwivedi
लेखक के बारे में
पत्रकार वह व्यक्ति होता है जो समाचार, घटनाओं, और मुद्दों की जानकारी देता है, उनकी जांच करता है, और उन्हें विभिन्न माध्यमों जैसे अखबार, टीवी, रेडियो, या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत करता है। मेरा नाम श्याम बिहारी द्विवेदी है और मैं पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है। View all posts by Shyam Dwivedi
Follow Us :GoogleNews