Hindi News

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने फिर उठाया SIR में गड़बड़ी का मुद्दा, चुनाव आयोग पर फॉर्म-7 के जरिए BJP के लिए धांधली का लगाया आरोप

Written by:Shyam Dwivedi
Published:
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में नंदलाल नाम के व्यक्ति को एक लाख रुपये का इनाम दिया। अखिलेश ने दावा किया कि नंदलाल के नाम पर फर्जी तरीके से 26 फॉर्म-7 भरे गए, जबकि वह निरक्षर हैं और हस्ताक्षर भी नहीं कर सकते।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने फिर उठाया SIR में गड़बड़ी का मुद्दा, चुनाव आयोग पर फॉर्म-7 के जरिए BJP के लिए धांधली का लगाया आरोप

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि उसे अपने कार्यालय में बीजेपी का झंडा लगा लेना चाहिए। अखिलेश ने यह आरोप मतदाता सूची में गड़बड़ी के मुद्दे को लेकर लगाया और अपनी पिछली प्रेस कॉन्फ्रेंस के वादे को पूरा करते हुए नंदलाल नाम के व्यक्ति को एक लाख रुपये का इनाम भी दिया।

दरअसल, अखिलेश ने पहले आरोप लगाया था कि नंदलाल नाम के एक व्यक्ति के नाम पर 26 फॉर्म-7 भरकर मतदाता सूची से नाम काटने की साजिश की गई, जबकि नंदलाल निरक्षर हैं और अंगूठा लगाते हैं। उन्होंने नंदलाल को ढूंढकर लाने वाले को एक लाख रुपये देने की घोषणा की थी। मंगलवार को नंदलाल खुद अखिलेश यादव के पास पहुंच गए, जिसके बाद अखिलेश ने उन्हें सम्मानित करते हुए इनामी राशि सौंपी।

नंदलाल की कहानी और धांधली के आरोप

अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि नंदलाल एक धार्मिक व्यक्ति हैं और मां दुर्गा के भक्त हैं। उन्होंने कहा, “देवी की ताकत की वजह से ही इनमें सामने आने की हिम्मत हुई है।” सपा प्रमुख ने दावा किया कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नंदलाल के फर्जी हस्ताक्षर कर फॉर्म जमा कराए थे।

“सरकार ने कुछ एजेंसियां हायर की हैं, जो उन बूथों को ढूंढते हैं, जहां सपा जीती है, उन्हीं बूथों पर फॉर्म 7 जमा किये जा रहे हैं। ये सभी फॉर्म छपे हुए हैं। बिहार में एसआईआर के जरिए बीजेपी ने चुनाव जीता। बंगाल की सीएम को काला कोट पहनना पड़ा।”- अखिलेश यादव, सपा अध्यक्ष

उन्होंने यह भी कहा कि त्रेता के दशरथ और द्वापर के नन्दलाल से पोल खुल गई है। उनका इशारा इस मामले में बड़े स्तर पर हो रही गड़बड़ी की ओर था।

चुनाव आयोग से फॉर्म-7 बंद करने की मांग

अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से तत्काल प्रभाव से फॉर्म-7 भरवाने की प्रक्रिया को बंद करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी साजिश है जिसके तहत समाजवादी पार्टी के वोटरों को निशाना बनाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी ऐलान किया कि समाजवादी पार्टी के विधायक इस मुद्दे को उत्तर प्रदेश विधानसभा में उठाएंगे। उन्होंने कहा कि यह यूपी सरकार का आखिरी बजट है और सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है, इसलिए अब चुनाव जीतने के लिए ऐसे हथकंडे अपना रही है।