Hindi News

सूरजकुंड मेला झूला हादसा मामले में कंपनी मालिक समेत 2 गिरफ्तार, जांच के लिए SIT गठित

Written by:Gaurav Sharma
Published:
हरियाणा के फरीदाबाद में 7 फरवरी को हुए सूरजकुंड मेला झूला हादसे में पुलिस ने झूला कंपनी के मालिक मोहम्मद शाकिर समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दर्दनाक हादसे में घायलों को बचाने के दौरान इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद का निधन हो गया था। मामले की जांच के लिए अब एक SIT का गठन किया गया है।
सूरजकुंड मेला झूला हादसा मामले में कंपनी मालिक समेत 2 गिरफ्तार, जांच के लिए SIT गठित

फरीदाबाद: सूरजकुंड मेला परिसर में 7 फरवरी को हुए दर्दनाक झूला हादसे के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर के खिलाफ सूरजकुंड थाने में गैर-इरादतन हत्या समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की गई है। इस हादसे में घायलों को बचाने के प्रयास में हरियाणा पुलिस के इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद का निधन हो गया था।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए झूला लगाने वाली कंपनी के मालिक और एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का भी गठन कर दिया गया है।

जांच के लिए तीन सदस्यीय SIT गठित

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल के निर्देश पर मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय SIT बनाई गई है। इस टीम का नेतृत्व पुलिस कमिश्नर (अपराध) करेंगे। टीम में सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2), प्रभारी क्राइम ब्रांच NIT और थाना सूरजकुंड के उप निरीक्षक संजय को शामिल किया गया है। यह टीम वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर हादसे के कारणों की गहराई से जांच करेगी।

कंपनी मालिक समेत दो आरोपी सलाखों के पीछे

जांच के दौरान पुलिस ने हिमाचल फन केयर कंपनी के प्रोपराइटर मोहम्मद शाकिर को गिरफ्तार किया है, जो हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के टोका नंगला गांव का रहने वाला है। उसके साथ एक अन्य आरोपी नितेश को भी गिरफ्तार किया गया है। नितेश उत्तर प्रदेश के मेरठ कैंट के धर्मपुरी का निवासी है। पुलिस इस मामले में अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

शहीद इंस्पेक्टर के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा

पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इंस्पेक्टर ने ड्यूटी के दौरान घायलों को बचाने का एक सराहनीय प्रयास किया और उनका निधन पुलिस विभाग के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

“विभाग उनके परिवार को हरसंभव आर्थिक सहायता देगा। अनुकंपा नीति के तहत परिवार के पात्र सदस्य को रोजगार भी उपलब्ध कराया जाएगा।”- अजय सिंघल, डीजीपी, हरियाणा

डीजीपी ने फरीदाबाद के सिविल अस्पताल और सुप्रीम अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल भी जाना। इस घटना में महिला सहायक उप निरीक्षक नीलम, महिला सिपाही शर्मिला और SPO राजेश समेत कुल 12 लोग घायल हुए थे। इनमें से 5 घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है, जबकि बाकी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।