Hindi News

सपा सांसद डिंपल यादव का बीजेपी पर हमला, चुनाव आयोग पर लगाया पक्षपात का आरोप, फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ पर भी बोलीं

Written by:Gaurav Sharma
Published:
समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने शनिवार को मैनपुरी में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी हार के डर से SIR प्रक्रिया के जरिए साजिश के तहत लोगों के वोट डिलीट करवा रही है। डिंपल ने केंद्रीय बजट, अमेरिका से ट्रेड डील और विवादित फिल्मों को लेकर भी सरकार को घेरा।
सपा सांसद डिंपल यादव का बीजेपी पर हमला, चुनाव आयोग पर लगाया पक्षपात का आरोप, फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ पर भी बोलीं

मैनपुरी: समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने शनिवार को केंद्र की बीजेपी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। मैनपुरी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि हार के डर से सरकार एक सोची-समझी साजिश के तहत मतदाताओं के नाम लिस्ट से हटवा रही है।

डिंपल यादव ने एसआईआर (SIR) प्रक्रिया को लेकर सरकार की मंशा पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया बीजेपी ने चुनाव में अपनी संभावित हार को देखते हुए शुरू करवाई है। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस प्रक्रिया पर पैनी नजर रखें।

“चुनाव आयोग एक तरह से बीजेपी के लिए काम कर रहा है। चुनाव आयोग का पक्षपात पूर्ण रवैया अपनाया हुआ है। आने वाले समय में वोट डिलीट कराए जाएंगे, जिसके लिए एक महीने का समय बढ़ा दिया गया है।”- डिंपल यादव, सांसद, समाजवादी पार्टी

उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि सभी को इस पर बहुत ध्यान देने की जरूरत है और बेवजह लोगों के वोटों को कटने से रोकना होगा। इसके लिए बीएलओ और अन्य अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहने की सलाह दी।

चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष एकजुट

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ महाभियोग लाने की बात पर डिंपल यादव ने अपना पूरा समर्थन जताया। उन्होंने कहा, “सपा उनके साथ है। हम ममता बनर्जी को पूरा सहयोग देंगे। पूरा विपक्ष इसमें सहयोग देगा, क्योंकि चुनाव आयोग भेदभावपूर्ण तरीके से एक संवैधानिक ढांचे को क्षति पहुंचाने का काम कर रहा है।”

उन्होंने कहा कि चाहे उत्तर प्रदेश हो या पश्चिम बंगाल, सरकार लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव नहीं होने देना चाहती। डिंपल ने भरोसा जताया कि 2024 की तरह इस बार भी ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगी।

बजट, ट्रेड डील और चाइनीज मांझे पर भी उठाए सवाल

सपा सांसद ने हाल ही में पेश हुए केंद्रीय बजट को ‘नीरस’ बताते हुए कहा कि इसमें मध्यम वर्ग के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा, “पूरे बजट में देखेंगे तो ऐसा कुछ भी नहीं है जो लोगों के परिवार को खुशियों से भर दे।”

अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को लेकर भी उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस डील से भारतीय किसानों को कोई फायदा नहीं होगा, बल्कि वे और कमजोर होंगे। डिंपल ने कहा, “सरकार कॉरपोरेट जगत के लोगों को पूरे देश पर हावी करना चाहती है। उन्हें किसानों की जीविका से कोई मतलब नहीं है।”

अखिलेश यादव द्वारा चाइनीज मांझे पर उठाए गए सवाल का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि यह बेहद खतरनाक है और सरकार को इस पर तुरंत रोक लगानी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ मांझा ही नहीं, चीन से आने वाले अन्य हानिकारक सामानों पर भी प्रतिबंध लगना चाहिए।

‘विवादित फिल्मों को बीजेपी दे रही बढ़ावा’

‘घूसखोर पंडित’ जैसी फिल्मों पर मचे बवाल पर डिंपल यादव ने सवाल किया कि आखिर बीजेपी सरकार में ही ऐसी फिल्में क्यों बन रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी इन फिल्मों के जरिए समाज में भेदभाव बनाए रखने का काम कर रही है और इसका इस्तेमाल अपनी वोट बैंक की राजनीति के लिए करती है।

Gaurav Sharma
लेखक के बारे में
पत्रकारिता पेशा नहीं ज़िम्मेदारी है और जब बात ज़िम्मेदारी की होती है तब ईमानदारी और जवाबदारी से दूरी बनाना असंभव हो जाता है। एक पत्रकार की जवाबदारी समाज के लिए उतनी ही आवश्यक होती है जितनी परिवार के लिए क्यूंकि समाज का हर वर्ग हर शख्स पत्रकार पर आंख बंद कर उस तरह ही भरोसा करता है जितना एक परिवार का सदस्य करता है। पत्रकारिता मनुष्य को समाज के हर परिवेश हर घटनाक्रम से अवगत कराती है, यह इतनी व्यापक है कि जीवन का कोई भी पक्ष इससे अछूता नहीं है। यह समाज की विकृतियों का पर्दाफाश कर उन्हे नष्ट करने में हर वर्ग की मदद करती है। इसलिए पं. कमलापति त्रिपाठी ने लिखा है कि," ज्ञान और विज्ञान, दर्शन और साहित्य, कला और कारीगरी, राजनीति और अर्थनीति, समाजशास्त्र और इतिहास, संघर्ष तथा क्रांति, उत्थान और पतन, निर्माण और विनाश, प्रगति और दुर्गति के छोटे-बड़े प्रवाहों को प्रतिबिंबित करने में पत्रकारिता के समान दूसरा कौन सफल हो सकता है। View all posts by Gaurav Sharma
Follow Us :GoogleNews