नई दिल्ली: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार अपने एक साल का कार्यकाल पूरा होने का जश्न मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार इस मौके पर रविवार को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन करेगी, जहां से 12 दिनों तक चलने वाले मेगा उत्सव की शुरुआत होगी। इस कार्यक्रम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शिरकत करेंगे।
शनिवार को हुई दिल्ली बीजेपी विधायक दल की एक अहम बैठक में इस पूरे जश्न की रूपरेखा तैयार की गई। सरकार अपनी पहली वर्षगांठ पर दिल्ली की जनता को एक बड़ा तोहफा देने जा रही है। रामलीला मैदान से एक साथ 500 नई इलेक्ट्रिक बसों (ई-बसों) के बेड़े को हरी झंडी दिखाई जाएगी, जो शहर के सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
12 दिनों का मेगा प्लान, हर विभाग देगा अपने काम का ब्योरा
पार्टी ने सरकार की पहली वर्षगांठ को सिर्फ एक दिन तक सीमित न रखकर इसे एक बड़े अभियान का रूप दिया है। 8 फरवरी से लेकर 20 फरवरी तक- कुल 12 दिनों के लिए एक विस्तृत योजना बनाई गई है। इस दौरान सरकार के अलग-अलग विभाग रोजाना अपने कार्यक्रमों का आयोजन करेंगे। इसका मुख्य उद्देश्य जनता को यह बताना है कि पिछले एक साल में किस विभाग ने क्या-क्या काम किए हैं और इनसे दिल्ली की तस्वीर किस तरह बदल रही है।
कार्यक्रम में पिछले एक साल में सरकार द्वारा किए गए कार्यों, जैसे यमुना की सफाई और राजधानी के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
घर-घर रिपोर्ट कार्ड लेकर जाएंगे विधायक
जश्न के साथ-साथ जनता से सीधा संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है। विधायक दल की बैठक में सभी विधायकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में सरकार का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएं। सभी विधायकों और पार्टी कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे हर घर तक सरकार की उपलब्धियों को पहुंचाएं।
“इस साल के पूरे कार्यक्रम का मकसद सिर्फ जश्न मनाना नहीं, बल्कि जनता को उनके वोट की ताकत का अहसास कराना और सरकार के काम की जानकारी देना है। मैं जनता से आग्रह करती हूं कि वे इस अवसर का हिस्सा बनें और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।”- रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली
इसके अलावा, सभी विधायकों को अपने स्तर पर भी अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित करने होंगे। इन कार्यक्रमों में वे खुद मौजूद रहकर जनता के सामने सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे और लोगों को सरकार की योजनाओं के बारे में बताएंगे। यह बीजेपी के शक्ति प्रदर्शन की शुरुआत के तौर पर भी देखा जा रहा है।





