Hindi News

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुनर्विकास के लिए Railway का बड़ा फैसला, 60 ट्रेनें आनंद विहार समेत 7 स्टेशनों पर होंगी शिफ्ट

Written by:Banshika Sharma
Published:
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने के लिए भारतीय रेलवे ने एक बड़ी योजना बनाई है। इसके तहत करीब पांच दर्जन ट्रेनों को नई दिल्ली से हटाकर आनंद विहार, बिजवासन समेत 7 अन्य स्टेशनों पर ट्रांसफर किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य के लिए जगह बनाई जा सके और भीड़ कम हो।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुनर्विकास के लिए Railway का बड़ा फैसला, 60 ट्रेनें आनंद विहार समेत 7 स्टेशनों पर होंगी शिफ्ट

नई दिल्ली: देश के सबसे व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में शुमार नई दिल्ली रेलवे स्टेशन का कायाकल्प होने जा रहा है, लेकिन इस बदलाव के लिए एक बड़ी तैयारी की गई है। रेलवे ने स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को गति देने के लिए यहां से चलने वाली करीब 60 ट्रेनों को अस्थायी रूप से दूसरे स्टेशनों पर शिफ्ट करने का फैसला किया है। यह कदम स्टेशन पर रोजाना होने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने और निर्माण कार्य को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से उठाया गया है।

रेलवे सूत्रों के मुताबिक, नई दिल्ली स्टेशन से प्रतिदिन 300 से ज्यादा ट्रेनें संचालित होती हैं और यहां करीब 4 लाख यात्रियों का आवागमन होता है। इतनी बड़ी भीड़ के बीच पुनर्विकास का काम करना एक बड़ी चुनौती है, जिसे देखते हुए ट्रेनों की संख्या कम करने की योजना बनाई गई है।

किन स्टेशनों पर पड़ेगा अतिरिक्त भार?

रेलवे की योजना के अनुसार, नई दिल्ली से हटाई जाने वाली ट्रेनों को दिल्ली-एनसीआर के सात प्रमुख स्टेशनों पर भेजा जाएगा। इन स्टेशनों में पुरानी दिल्ली, सराय रोहिल्ला, तुगलकाबाद जंक्शन, सब्जी मंडी, आनंद विहार टर्मिनल, गाजियाबाद और बिजवासन रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इस योजना से न केवल नई दिल्ली, बल्कि सराय रोहिल्ला स्टेशन पर भी दबाव कम होगा, क्योंकि वहां से चलने वाली अधिकांश ट्रेनों को भी बिजवासन में शिफ्ट किया जाएगा।

बिजवासन स्टेशन बनेगा नया केंद्र

इस पूरी पुनर्विकास योजना में बिजवासन रेलवे स्टेशन की भूमिका सबसे अहम होने वाली है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बिजवासन स्टेशन को अगले छह महीनों में पूरी तरह से तैयार कर लिया जाएगा। यहां आठ प्लेटफॉर्म बनाने का काम तेजी से चल रहा है। पहले पेड़ों की कटाई को लेकर कुछ बाधाएं थीं, लेकिन अब अनुमति मिल चुकी है। उम्मीद है कि जुलाई तक स्टेशन तैयार हो जाएगा, जिसके बाद सबसे पहले सराय रोहिल्ला से लगभग तीन दर्जन ट्रेनें यहां से चलाई जाएंगी।

पहाड़गंज की ओर से शुरू हुआ काम

रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) ने नई दिल्ली स्टेशन के पुनर्विकास का काम पहाड़गंज की तरफ से शुरू कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि स्टेशन का अत्यधिक व्यस्त होना अब तक की सबसे बड़ी बाधा थी, जिसे ट्रेनों के ट्रांसफर से काफी हद तक दूर किया जा सकेगा। शुरुआती दौर में यात्रियों को अपने बोर्डिंग स्टेशन में बदलाव के कारण थोड़ी परेशानी हो सकती है, लेकिन भविष्य में उन्हें एक आधुनिक और सुविधाजनक स्टेशन की सौगात मिलेगी।