समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वरिष्ठ नेता आजम खान के सीतापुर जेल से रिहा होने पर अपनी पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला और कहा कि जो लोग सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं, वे भाजपा को कभी पसंद नहीं आते। अखिलेश ने आजम खां की रिहाई को न केवल उनके परिवार, बल्कि न्याय में विश्वास रखने वालों के लिए राहत और खुशी का क्षण बताया।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने बयान में कहा कि आजम खां की रिहाई से उन सभी लोगों को सुकून मिला है जो इंसाफ में यकीन करते हैं। उन्होंने अदालत का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला न्याय में विश्वास को और मजबूत करता है। साथ ही, उन्होंने भाजपा पर फर्जी मुकदमों के जरिए साजिश रचने का आरोप लगाया और कहा कि हर झूठ और साजिश की एक सीमा होती है।
23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा
सपा नेता आजम खान मंगलवार को करीब 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहा हुए और इसके बाद वे रामपुर रवाना हो गए। उनकी रिहाई के बाद समर्थकों में उत्साह देखा गया, हालांकि इस दौरान सपा नेताओं की 73 गाड़ियों का चालान हुआ और करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। अखिलेश ने कहा कि आजम खान एक बार फिर उपेक्षित, पीड़ित और अपमानित लोगों के लिए आवाज उठाएंगे।
सामाजिक न्याय का यह संघर्ष
अखिलेश ने अपने बयान में जोर देकर कहा कि आजम खान समाजवादी मूल्यों और सिद्धांतों के साथ सामाजिक न्याय के संघर्ष को और मजबूत करेंगे। उन्होंने भाजपा और उनके सहयोगियों द्वारा जनता के दमन के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही। अखिलेश ने अंत में नारा दिया, “इंसाफ जिंदाबाद!” और देश-प्रदेश की भावनात्मक एकता को बनाए रखने के लिए आजम खां के योगदान की सराहना की।
