Hindi News

2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का इन तीन जिलों पर विशेष फोकस, अलग घोषणापत्र लाने की तैयारी

Written by:Saurabh Singh
Published:
Last Updated:
सपा प्रमुख ने मथुरा को भगवान कृष्ण की जन्मस्थली और आगरा को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में इन क्षेत्रों में विकास कार्य हुए, लेकिन भाजपा ने इनकी उपेक्षा की और जनता को गुमराह किया।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अखिलेश यादव का इन तीन जिलों पर विशेष फोकस, अलग घोषणापत्र लाने की तैयारी

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को तेज करते हुए आगरा, मथुरा और हाथरस के लिए अलग-अलग घोषणापत्र लाने की घोषणा की है। गुरुवार को लखनऊ में पार्टी कार्यालय में इन तीन जिलों के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की सरकार ने इन क्षेत्रों में कई विकास योजनाए शुरू की थीं, जो वर्तमान भाजपा सरकार में ठप हो गई हैं। नए घोषणा पत्रों में इन जिलों के लिए विशेष विकास योजनाओं की घोषणा होगी, जिससे सामाजिक न्याय और समृद्धि को बढ़ावा मिलेगा।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से ‘पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक’ (पीडीए) को एकजुट करने और भाजपा की कथित साजिशों के प्रति सतर्क रहने को कहा। उन्होंने जोर दिया कि सपा का लक्ष्य सामाजिक न्याय आधारित शासन स्थापित करना है, जिसमें जातीय जनगणना के माध्यम से सभी वर्गों को उनकी संख्या के अनुपात में अधिकार और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि पीडीए पंचायतों ने समाज में जागरूकता बढ़ाई है, जिससे भाजपा को 2027 में हार का डर सताने लगा है। अखिलेश ने कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची में हेरफेर और चुनावी धांधली को रोकने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय रहने का निर्देश दिया।

मथुरा और आगरा की सांस्कृतिक व पर्यटन पर महत्व

सपा प्रमुख ने मथुरा को भगवान कृष्ण की जन्मस्थली और आगरा को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में इन क्षेत्रों में विकास कार्य हुए, लेकिन भाजपा ने इनकी उपेक्षा की और जनता को गुमराह किया। अखिलेश ने मथुरा की पवित्रता बनाए रखने और आगरा की वैश्विक पहचान को बढ़ाने के लिए विशेष योजनाओं का वादा किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची की निगरानी और वोटरों को जोड़ने पर ध्यान देने को कहा ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया की पवित्रता बनी रहे।

भाजपा सरकार पर निशाना, जनता में परिवर्तन की चाह

अखिलेश ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार के मोर्चे पर विफलता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, और महिलाओं की असुरक्षा से जनता त्रस्त है और परिवर्तन चाहती है। सपा प्रमुख ने दावा किया कि जनता 2027 में समाजवादी सरकार लाने का मन बना चुकी है, जो छात्रों, नौजवानों, किसानों, और व्यापारियों की खुशहाली सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर पर मेहनत करने और भाजपा के भ्रष्टाचार और लूट के खिलाफ जनता को जागरूक करने का आह्वान किया।