देश को चाहिए सच्चाई न कि झूठी बातें, स्वतंत्रता दिवस पर अखिलेश यादव का बीजेपी पर जोरदार हमला

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां देशभर में उत्सव का माहौल था, वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर किया तीखा हमला।
akhilesh yadav

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस पावन दिन को झूठ से दूर रहकर देश की एकता, सच्चाई और विकास के लिए समर्पित किया जाना चाहिए। उन्होंने केंद्र पर राष्ट्रीय पर्व को भी राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।

अखिलेश यादव ने अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि सेना को मजबूती की ज़रूरत है, और इस तरह की आधी-अधूरी योजनाएं सेना की भावना और ताकत दोनों को कमजोर करती हैं। उन्होंने मांग की कि अग्निवीर योजना को तुरंत बंद किया जाए, क्योंकि यह युवाओं के भविष्य और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है।

व्यापारिक संकट पर जताई चिंता, चीन और अमेरिका को बताया कारण

सपा प्रमुख ने अंतरराष्ट्रीय व्यापार संकट को लेकर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि अमेरिका द्वारा लगाए गए नए टैरिफ से भारत का कालीन उद्योग बुरी तरह प्रभावित हुआ है, खासकर भदोही जैसे जिलों में। वहीं, चीन को लेकर उन्होंने कहा कि वह न केवल भारतीय ज़मीन पर दावा करता है, बल्कि हमारे बाजारों पर भी कब्जा जमा रहा है, जिससे व्यापार घाटा लगातार बढ़ रहा है।

जीएसटी पर निशाना और प्रधानमंत्री रोजगार योजना पर टिप्पणी

अखिलेश यादव ने मौजूदा जीएसटी प्रणाली को ‘मकड़जाल’ करार देते हुए आरोप लगाया कि ईडी, सीबीआई और आयकर जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक विरोधियों और व्यापारियों को डराने में किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने भाषण में ‘विकसित भारत रोजगार योजना’ की घोषणा की, जिसके तहत 3.5 करोड़ युवाओं को 15,000 रुपये की सहायता राशि मिलेगी, ताकि वे निजी क्षेत्र में अपनी पहली नौकरी की शुरुआत कर सकें।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews