‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ के लिए यूपी में फिर माहौल बनाएगी भाजपा, छात्रनेता सम्मेलन से शुरू होगा अभियान

अभियान के सह-संयोजक और विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने बताया कि एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने से न केवल आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि जनता को बार-बार चुनावी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा।
West Bengal Election

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश में ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सितंबर से व्यापक अभियान शुरू करने जा रही है। इसकी शुरुआत राजधानी लखनऊ में सितंबर के पहले सप्ताह में प्रदेश भर के छात्र नेताओं के सम्मेलन से होगी। इसके बाद छात्र संसद, युवा संसद, किसान चौपाल, पूर्व सैनिक सम्मेलन, महिला सम्मेलन, व्यवसायियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ-साथ रिटायर अधिकारियों के सम्मेलनों के जरिए इस पहल के फायदे जनता तक पहुंचाए जाएंगे। पार्टी का लक्ष्य इस मुद्दे को आम लोगों के बीच लोकप्रिय बनाना है।

भाजपा ने इससे पहले अप्रैल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में एक राष्ट्र-एक चुनाव पर प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया था। अब समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए चरणबद्ध सम्मेलनों की योजना बनाई गई है। पार्टी बार-बार होने वाले चुनावों से सरकारी खजाने पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ और विकास कार्यों पर पड़ने वाले प्रभाव को उजागर करेगी। भाजपा का तर्क है कि एक साथ चुनाव से समय, धन और संसाधनों की बचत होगी, जिससे प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ेगी और विकास को गति मिलेगी।

लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ

अभियान के सह-संयोजक और विधान परिषद सदस्य अनूप गुप्ता ने बताया कि एक साथ लोकसभा और विधानसभा चुनाव कराने से न केवल आर्थिक बोझ कम होगा, बल्कि जनता को बार-बार चुनावी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा किसी भी विचारधारा को तेजी से फैलाने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उन्हें इस अभियान का प्रमुख हिस्सा बनाया गया है। सितंबर में आयोजित होने वाले छात्र नेताओं के सम्मेलन में शिक्षाविद् और विशेषज्ञ भी शामिल होंगे, जो एक साथ चुनाव की प्रणाली के लाभ और व्यावहारिकता पर विस्तार से चर्चा करेंगे।

एक राष्ट्र-एक चुनाव’ से लोकतांत्रिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी

भाजपा ने अभियान को व्यवस्थित और चरणबद्ध तरीके से लागू करने की रणनीति बनाई है। विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में 1 से 30 सितंबर तक छात्र संसद और 1 से 15 नवंबर तक युवा संसद का आयोजन किया जाएगा। अनूप गुप्ता ने दावा किया कि जनता में इस मुद्दे को लेकर सकारात्मक माहौल है, और भाजपा इस समर्थन को संगठित रूप देगी। पार्टी का मानना है कि ‘एक राष्ट्र-एक चुनाव’ से लोकतांत्रिक प्रक्रिया अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जनहितकारी होगी, जिससे देश के विकास को नई गति मिलेगी।

लेखक के बारे में
Follow Us :GoogleNews